उत्तराखंड आयनबॉल टीम का अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन
उत्तराखंड आयनबॉल टीम का अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन
देहरादून (शिवांश कुंवर)
राष्ट्रीय स्तर पर लगातार सफलता हासिल कर रही उत्तराखंड आयनबॉल टीम ने अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। हाल ही में चंडीगढ़ में आयोजित नेशनल ट्रेडिशनल स्पोर्ट्स नेशनल गेम्स में गोल्ड मेडल जीतकर सम्मानित हुई टीम ने वर्चुअल अंतरराष्ट्रीय आयनबॉल मुकाबले में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। टीम को इससे पूर्व पंजाब के राज्यपाल द्वारा भी सम्मानित किया जा चुका है।
उत्तराखंड के पूर्व खेल मंत्री एवं आयनबॉल संरक्षक नारायण सिंह राणा के मार्गदर्शन में आयोजित इस विशेष अंतरराष्ट्रीय वर्चुअल मुकाबले में भारत और मोरक्को की टीमों ने अलग-अलग देशों में रहते हुए एक ही समय पर हिस्सा लिया। मोरक्को के तांजिर शहर स्थित अल अवाना स्कूल की दो टीमों ने इस प्रतियोगिता में भाग लिया।
प्रतियोगिता का पहला मुकाबला गुजरात के जामनगर क्लब और अल अवाना स्कूल, मोरक्को के बीच खेला गया, जिसमें मोरक्को की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। वहीं दूसरा मुकाबला उत्तराखंड की ग्रीनलॉन अकादमी एवं गंगा दर्शन (संयुक्त टीम) और अल अवाना स्कूल के बीच हुआ, जिसमें ग्रीनलॉन अकादमी एवं गंगा दर्शन की संयुक्त टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य खेलों के माध्यम से वैश्विक भाईचारे, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और ओलंपिक मूल्यों को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम के दौरान अंतरराष्ट्रीय आयनबॉल के सीईओ प्रताप सिंह चौहान ने खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों का उत्साहवर्धन करते हुए आयोजन का मार्गदर्शन किया।
प्रतियोगिता में कोच रिजवाना,मनीष,भावना, पूनम, सूरज, ऋषि राज और नीरज डोभाल, आशीष डोभाल सहित सभी प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने और टीम को सफलता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित अंतरराष्ट्रीय कॉन्ग्रेस में एक ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए यह घोषणा भी की गई कि आयनबॉल का अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय अब फ्रांस से भारत स्थानांतरित किया जाएगा। इस फैसले को भारत के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे देश में पारंपरिक खेलों को वैश्विक पहचान मिलने के साथ-साथ युवाओं के लिए नए अवसर भी विकसित होंगे।
