नैनबाग में स्व. जसपाल राणा की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा आयोजित, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
नैनबाग में स्व. जसपाल राणा की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा आयोजित, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
नैनबाग (शिवांश कुंवर)- भारतीय निशानेबाजी जगत के गौरव एवं स्वर्गीय जसपाल राणा की आत्मा की शांति के लिए मंगलवार को नैनबाग स्थित लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) गेस्ट हाउस में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर टिहरी गढ़वाल सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह ने स्व. जसपाल राणा के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर दो मिनट का मौन रखा तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
सभा को संबोधित करते हुए सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह ने कहा कि स्व. जसपाल राणा देश की आन, बान और शान थे। उन्होंने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया। उनके निधन से देश ने एक अमूल्य रत्न खो दिया है, जिसकी भरपाई करना असंभव है। उन्होंने कहा कि स्व. जसपाल राणा की उपलब्धियां सदैव युवाओं को प्रेरित करती रहेंगी।
इस दौरान सांसद ने कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों से संवाद कर क्षेत्र की विभिन्न जन समस्याओं की जानकारी ली। नैनबाग में लंबे समय से केंद्रीय विद्यालय खोले जाने की मांग पर उन्होंने कहा कि यह मांग पूरी तरह जायज है और इसके लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। साथ ही नैनबाग के स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में उच्चीकृत करने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।

कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की कई सड़कों को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) में शामिल किए जाने पर सांसद का आभार व्यक्त किया।
श्रद्धांजलि सभा के उपरांत सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह डामटा, बंगाण एवं नौगांव क्षेत्र में कार्यकर्ताओं से संपर्क और जनसंवाद कार्यक्रम के लिए रवाना हुईं।
इस अवसर पर राज्य मंत्री विनोद सुयाल, ओबीसी मोर्चा के उपाध्यक्ष राजेश नौटियाल,जिला पंचायत सदस्य रामदयाल शाह, सुनील सेमवाल, महिपाल सिंह सजवाण, राहुल पंवार, गोपाल सजवाण, जपवीर पंवार, सरदार हनुमंत्री, जगत लाल,शूरवीर सिंह, चंदन सिंह रावत, नरेंद्र सिंह नेगी, गोपाल सिंह, जगमोहन कंडारी, सरदार सिंह कंडारी, रामभरोसा राणा, राजपाल सिंह नेगी, अनेक कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
