डुंडा ब्लॉक के हरेती गाँव में 11KV लाइन को लेकर बवाल: ग्रामीणों ने ठेकेदार पर मनमानी और दबाव बनाने का लगाया आरोप
उत्तरकाशी (वीरेंद्र सिंह नेगी)- उत्तरकाशी जनपद के डुंडा ब्लॉक के पेंथर कस्बे के अंतर्गत हरेती गाँव में 11KV विद्युत लाइन बिछाने को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। उत्तराखंड पावर कारपोरेशन लिमिटेड और मुख्यमंत्री योजना के तहत लगाए गए सोलर प्लांट से जुड़ी इस लाइन को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
बताया जा रहा है कि सोलर प्लांट से उत्पन्न बिजली को पावर हाउस कल्याणी तक पहुंचाने के लिए यह 11KV लाइन बिछाई जा रही है, जिससे भविष्य में विभाग और आम जनता दोनों को लाभ मिल सकता है। लेकिन हरेती गाँव के ग्रामीण इस लाइन के रूट को लेकर विरोध जता रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि वे सोलर प्लांट का विरोध नहीं कर रहे हैं, बल्कि केवल यह मांग कर रहे हैं कि लाइन को उनके घरों की छतों के ऊपर से न ले जाया जाए और किसी अन्य सुरक्षित मार्ग से निकाला जाए।
गाँव के प्रधान विजेन राणा, क्षेत्र पंचायत सदस्य बलवीर राणा और अन्य ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि UPCL के ठेकेदार द्वारा मनमाने तरीके से कार्य किया जा रहा है। साथ ही उन्हें धमकाने और पुलिस का दबाव बनाने की कोशिश भी की जा रही है। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि जल्दबाजी में कार्य कर बजट का दुरुपयोग किया जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, यह 11KV लाइन सीधे मकानों के ऊपर से गुजर रही है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। विरोध करने पर गाँव की बिजली 23 से 24 फरवरी के बीच काट दी गई, जिससे ग्रामीणों को अंधेरे में रहना पड़ा। बाद में मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत करने के बाद ही बिजली बहाल की गई।
वहीं, UPCL के एसडीओ प्रमोद भंडारी का कहना है कि विभाग द्वारा कार्य नियमानुसार किया जा रहा है और ठेकेदार के काम की निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि फिलहाल लाइन बिछाने का कार्य रोक दिया गया है और आगे इसे सरकारी भूमि से ले जाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इस पूरे मामले ने अब स्थानीय स्तर पर तूल पकड़ लिया है और ग्रामीण सुरक्षित समाधान की मांग पर अड़े हुए हैं।
