शहर की यातायात व्यवस्था का जायजा लेने ग्राउंड जीरो पर उतरे डीएम और एसएसपी
शहर के मुख्य मार्गों का मोटरसाइकिल से भ्रमण कर लिया यातायात के दबाव का जायजा
निरीक्षण के दौरान विभिन्न मार्गों पर पार्किंग स्थल चिन्हित करने के दिए निर्देश
भ्रमण के बीच पलटन बाजार के औचक निरीक्षण पर पहुंचे दोनों आलाधिकारी
पलटन बाजार में आने वाली महिलाओं की सुरक्षा की दृष्टि से CNI चौक पर स्थापित किया जाएगा महिला सुरक्षा सहायता केंद्र
बाजार के खुलने से लेकर बंद होने तक महिला सुरक्षा सहायता केंद्र में नियुक्त रहेंगी महिला पुलिसकर्मी
बाजार में नियमित भ्रमण के लिए महिला गौरा चीता को भी किया जायेगा महिला सुरक्षा सहायता केंद्र में नियुक्त
देहरादून- जिलाधिकारी सविन बंसल और एसएसपी अजय सिंह नगर ने विभिन्न मार्गों का मोटरसाइकिल से भ्रमण कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। भ्रमण के दौरान डीएम और एसएसपी ने घंटाघर, किशन नगर चौक, बल्लूपुर चौक, बल्लीवाला आदि स्थानों का मोटरसाइकिल से भ्रमण कर यातायात के दबाव वाले स्थानों का जायजा लिया। साथ ही यातायात के दबाव के कारणों और दबाव को कम करने के संभावित उपायों पर चर्चा की। इस दौरान जिलाधिकारी ने सभी मुख्य मार्गो पर पार्किंग स्थलों को चिन्हित कर वाहनों को उक्त स्थान पर पार्क करवाने के निर्देश दिए गए। वहीं मुख्य मार्ग पर किसी प्रकार का अस्थाई अतिक्रमण न होने देने के संबंध में उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया।
भ्रमण के बीच दोनों आलाधिकारी पलटन बाजार के औचक निरीक्षण पर पहुंचे। औचक निरीक्षण के दौरान बाजार में आने वाली महिलाओं व युवतियों की सुरक्षा की दृष्टि से CNI चौक पर महिला सुरक्षा सहायता केंद्र बनाए जाने, महिला सुरक्षा सहायता केंद्र में बाजार खुलने से लेकर बंद होने तक महिला पुलिसकर्मियों और महिला गोरा चीता की नियुक्ति करने के निर्देश दिए। इस दौरान डीएम और एसएसपी ने पलटन बाजार में आयी महिलाओं के संग वार्ता कर सुरक्षा संबंधी पहलुओं पर उनकी राय जानी। महिला सुरक्षा की दृष्टि से बाजार में संवेदनशील स्थानों को चिन्हित करते हुए वहां सीसीटीवी कैमरों की संख्या को बढ़ाये जाने के भी निर्देश दिए।


