सीडीओ ने हिलांस के नए उत्पादों का किया शुभारंभ
सीडीओ ने हिलांस के नए उत्पादों का किया शुभारंभ
देहरादून (रॉबिन वर्मा)– उत्तराखण्ड ग्राम्य विकास समिति (UGVS), ग्राम्य विकास विभाग द्वारा संचालित ग्रामीण उद्यम वेग वृद्धि परियोजना (REAP) के अन्तर्गत स्वयं सहायता समूहों एवं क्लस्टर लेवल फेडरेशनो द्वारा उत्पादित एवं नए उत्पादों जैसे की हिलांस हल्दी पाउडर, हिलांस मिर्च पाउडर, हिलांस धनिया पाउडर, हिलांस कोल्डप्रेस सरसों तेल, हिलास मॅड़आ बिस्किट एवं हिलांस झंगोर बिस्किट को मुख्य विकास अधिकारी देहरादून अभिनव शाह ने आम जनमानस के उपयोग एवं बिक्री के लिए विकास भवन परिसर सर्वे चौक देहरादून के “हिलांस आउटलेट एवं बेकरी” स्टोर में लॉन्च किया गया। विदित हो कि “हिलांस” द्वारा पर्वतीय क्षेत्रों के कृषि उपज का स्वयं सहायता समूहों एवं कृषक फेडरेशनों के माध्यम से प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्द्धन कर पर्वतीय कृषकों की बाजार तक पहुँच बनाने हेतु कार्य किया जा रहा है।
ग्रामीण उद्यम वेग वृद्धि परियोजना के सहयोग से “सफलता क्लस्टर लेवल फेडरेशन” द्वारा विकासखण्ड डोईवाला में स्थानीय समूह सदस्यों से मसाला उपज एकत्र कर हल्दी पाउडर, मिर्च पाउडर एवं धनिया पाउडर निर्मित किया जा रहा है। जबकि कालसी विकासखण्ड स्थित “विकास महिला क्लस्टर लेवल फेडरेशन” द्वारा स्थानीय सरसों फसल से कोल्ड प्रेस सरसों तेल की पिराई की जा रही है। नॉन फार्म सेक्टर के अंतर्गत “स्वाभिमान महिला क्लस्टर लेवल फेडरेशन” द्वारा विभिन्न बेकरी उत्पादों के साथ साथ मिलेट्स कुकीज मंडुआ एवं झंगोरा बिस्किट्स बनाये जा रहे है। गौरतलब है कि परियोजना द्वारा इस प्रकार के उद्यमों की स्थापना से स्थानीय कृषि एवं गैर कृषि उत्पादों की मूल्य श्रृंखला में तीनों फेडरेशनों से जुड़ी 2000 महिलायें कच्चे माल की आपूर्ति, प्रसंस्करण एवं विपणन गतिविधियों से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित हो रही है।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी श्री अभिनव शाह ने स्थानीय उत्पादों और ग्रामीण उद्यमों को समर्थन देने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल से उत्तराखंड में सतत आजीविका और आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलता है। REAP देहरादून द्वारा समर्थित हिलांस ब्रांड के अंतर्गत जैविक, प्रामाणिक और स्थानीय रूप से निर्मित उत्पादों को प्रोत्साहित करने से स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमियों के लिए नए अवसर उत्पन्न होंगे।
“इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकरी ने बताया कि ग्रामीण उद्यम वेग वृद्धि परियोजना एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत् स्वयं सहायता समूह एवं कृषक फेडरेशनों के माध्यम से विभिन्न प्रकार के कृषि एवं गैर कृषि उत्पाद निर्मित किये जा रहे है, जिनके विपणन हेतु “हिलांस बेकरी एवं आउटलेट उपयोगी साबित हो रहा है। साथ ही साथ ग्राहकों को भी उत्पादों की नैसर्गिक शुद्धता एवं गुणवत्ता अनुभव करने का अवसर प्राप्त हो रहा है। उन्होने बताया कि ये नए उत्पाद हमारे स्थानीय उद्यमियों की मेहनत और समर्पण का
प्रमाण हैं। हमें उनके प्रयासों का समर्थन करते हुए गर्व हो रहा है, जिससे उच्च गुणवत्ता वाले उत्पाद बाजार में आ सकें।”
परियोजना निदेशक, डी. आर.डी.ए. विक्रम सिंह ने कहा की “हमारे समुदाय में हो रही प्रगति को देखकर खुशी हो रही है। ये उत्पाद स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के साथ-साथ उपभोक्ताओं के लिए स्वस्थ विकल्प भी प्रदान करेंगे।”
जिला परियोजना प्रबंधक (DPM): ने बताया “हम अपने स्थानीय समुदायों को सशक्त बनाने और उनके उत्पादों को व्यापक दर्शकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। आज का लॉन्च उसी दिशा में एक कदम है।”
इस अवसर पर परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, सहायक परियोजना निदेशक अपर्णा बहुगुणा, जिला विकास अधिकारी – सुनील कुमार रेखीय विभागों के अधिकारी, REAP के स्टाफ एवं सहकारिताओं के निदेशक मण्डल के सदस्य भी उपस्थित रहे।
