विधायक सुरेश चौहान और डीएम प्रशांत आर्य ने गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर डबरानी का स्थलीय निरीक्षण
विधायक सुरेश चौहान और डीएम प्रशांत आर्य ने गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर डबरानी का स्थलीय निरीक्षण
उत्तरकाशी (वीरेंद्र सिंह नेगी)- 5 अगस्त 2025 को धराली हर्षिल में आई प्राकृतिक आपदा के बाद से प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में व्यवस्थाओं को सुधारने और जन जीवन को पटरी पर लाने के प्रयास निरंतर किए जा रहे हैं।धराली हर्षिल आपदा के बाद से जन जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। जिससे गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग कुछ जगहों और पुल बह जाने से समस्याएं बढ़ी हैं। विपरीत परिस्थितियों के बाद भी प्रशासन द्वारा व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान और जिलाधिकारी प्रशांत आर्य शुक्रवार देर शाम गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर डबरानी के पास बही सड़क का निरीक्षण करने पहुंचे थे। डबरानी पुल के आगे राजमार्ग का एक हिस्सा बह जाने से राजमार्ग पर आवाजाही बाधित हुई है। सड़क के उस हिस्से को सुचारू करने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी द्वारा मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया गया तथा बीआरओ, पीडब्ल्यूडी और सम्बंधित एजेंसियों के अधिकारियों के साथ मार्ग को जल्द से जल्द बहाल करने की रणनीति पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने इस दौरान बीआरओ को पोकलेन और जेसीबी मशीन को राजमार्ग के दोनों तरफ से लगाने के विकल्पों पर कार्य करने के निर्देश दिये ।
निरीक्षण के दौरान गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने बीआरओ व पीडब्ल्यूडी को समन्वय स्थापित कर संयुक्त टीम के रूप में काम करने को कहा। इस कार्य में लगी संबंधित एजेंसियों को आवश्यक संसाधन और कार्यबल जुटाकर जल्द से जल्द सड़क मार्ग को सुचारू करने के निर्देश दिए हैं।
