उत्तरकाशी पुलिस को बड़ी सफलता: 4 शातिर चरस तस्कर गिरफ्तार, 1 किलो से अधिक चरस बरामद
उत्तरकाशी पुलिस को बड़ी सफलता: ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन के तहत 4 शातिर चरस तस्कर गिरफ्तार, 1 किलो से अधिक चरस बरामद
मोरी/उत्तरकाशी: ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन को सफल बनाने की दिशा में उत्तरकाशी पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी, सरिता डोबाल के दिशा-निर्देशन में चलाए जा रहे अवैध नशे के सौदागरों के विरुद्ध अभियान के तहत, थाना मोरी पुलिस ने संगठित गिरोह के चार शातिर तस्करों को अवैध चरस का परिवहन करते हुए गिरफ्तार किया है।
पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट, देवेंद्र सिंह नेगी के निकट पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष मोरी, मोहन कठैत के नेतृत्व में मोरी पुलिस टीम ने आज मोरी बिंगसारी बैण्ड के पास चेकिंग के दौरान वाहन से अवैध चरस का परिवहन कर रहे चार तस्करों – शहनवाज, जावेद, सावेज और जितेंद्र को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 1 किलो 109 ग्राम अवैध चरस बरामद की गई।
संगठित गिरोह के रूप में करते थे तस्करी:
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे एक संगठित गिरोह के रूप में नशे की तस्करी करते हैं। वे पहाड़ी क्षेत्रों से चरस इकट्ठा कर उसे देहरादून और आस-पास के क्षेत्रों में सप्लाई करते थे। तस्करी के दौरान ये तस्कर बेहद शातिर तरीका अपनाते थे। वे दो गाड़ियाँ लेकर चलते थे, जिसमें गिरोह के कुछ सदस्य आगे वाली गाड़ी से रैकी करते थे, जबकि अन्य सदस्य पीछे वाली गाड़ी से नशीले पदार्थ का परिवहन करते थे। आज भी वे चरस इकट्ठा कर देहरादून ले जाने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस के मुखबिर तंत्र ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
आपराधिक इतिहास:
गिरफ्तार तस्करों में से सावेज के विरुद्ध पूर्व में भी थाना पुरोला में एनडीपीएस एक्ट का अभियोग दर्ज है, जिसमें वह जेल जा चुका है। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्यवाही जारी है और तस्करों के और अधिक आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस इस मामले में गहन छानबीन कर रही है और गिरोह की पूरी चेन तक पहुँचने का प्रयास कर रही है।
मुकदमा दर्ज और पुरस्कार:
बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर उक्त तस्करों के विरुद्ध थाना मोरी पर धारा 8/20/60 NDPS Act के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी, सरिता डोबाल ने गिरफ्तारी व बरामदगी करने वाली पुलिस टीम की सराहना करते हुए, उनके उत्साहवर्धन के लिए टीम को 2500 रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया है।
