बड़कोट पुलिस ने 709 ग्राम चरस के साथ महिला तस्कर को किया गिरफ्तार
बड़कोट पुलिस ने 709 ग्राम चरस के साथ महिला तस्कर को किया गिरफ्तार
उत्तरकाशी- अवैध नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुये कोतवाली बडकोट पुलिस की टीम द्वारा अवैध चरस के साथ एक महिला को गिरफ्तार किया गया.
नशामुक्त अभियान तथा ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के अन्तर्गत पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय द्वारा पुलिस को अवैध नशे के सौदागरों पर शिकंजा कसने हेतु प्रभावी निगरानी/चैकिंग अभियान चलाकर लगातार कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये हैं।
पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी जनक सिंह पंवार के निकट पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक बड़कोट सुभाष चन्द्र के नेतृत्व में कोतवाली बडकोट पुलिस टीम द्वारा एक सटीक जानकारी जुटाते हुये कल देर सांय को चैकिंग के दौरान यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग, पालीगाड के समीप एक महिला उमा देवी(56 वर्ष) को अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया गया, महिला के कब्जे से 709 ग्राम चरस बरामद की गयी है। महिला चरस को आटे के कट्टे में छिपाकर ला रही थी।
गिरफ्तारी तथा बरामदगी के आधार पर महिला के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। मामले मे अग्रिम विधिक कार्यावाही जारी है।
एसपी उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय ने बताया कि जनपद में अवैध नशा तस्करों के विरुद्ध उत्तरकाशी पुलिस का चैकिंग अभियान लगातार जारी है। वर्ष 2026 में अब तक करीब 2 माह के समय अंतराल में पुलिस द्वारा एनडीपीएस एक्ट के 5 मामलों मे 6 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है, करीब 6.5 लाख कीमत की 3 किग्रा से अधिक चरस बरामद की गयी ।
