गर्भवती महिलाओं को संस्थागत प्रसव के प्रति करेंगे जागरूक, लगेंगे 48 स्वास्थ्य शिविर
गर्भवती महिलाओं को संस्थागत प्रसव के प्रति करेंगे जागरूक, लगेंगे 48 स्वास्थ्य शिविर
उत्तरकाशी.
सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, उत्तराखंड द्वारा निर्गत दिशा-निर्देशों के अनुपालन में जनपद उत्तरकाशी में गर्भवती महिलाओं के सुरक्षित मातृत्व को सुनिश्चित करने हेतु सघन जन-जागरूकता अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा घर-घर संपर्क स्थापित कर गर्भवती महिलाओं एवं उनके परिजनों को आई.पी.सी. (Inter Personal Communication) बैठकों के माध्यम से संस्थागत प्रसव के महत्व के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.एस. रावत ने अवगत कराया कि इस अभियान को और अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाने के उद्देश्य से विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार जनपद के समस्त विकासखंडों में 48 विशेष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि समस्त ब्लॉक प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को पत्र के माध्यम से निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में चिकित्सा अधिकारी के नेतृत्व में चिकित्सा दल का गठन करें। दल में एएनएम, फार्मासिस्ट, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, आशा कार्यकर्ता एवं आशा फैसिलिटेटर को सम्मिलित करते हुए समन्वित रूप से कार्य किया जाएगा।
निर्देशित किया गया है कि पूर्व निर्धारित तिथियों के अनुसार चयनित आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में शिविरों का आयोजन करते हुए गर्भवती महिलाओं को संस्थागत प्रसव के लाभों, सुरक्षित प्रसव सेवाओं एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की जाए। साथ ही व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता अभियान संचालित कर समुदाय की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
