उत्तरकाशीउत्तराखंड

यात्रा के सफल संचालन पर होटल एसोसिएशन यमुनावैली ने SP उत्तरकाशी का किया सम्मान

यात्रा के सफल संचालन पर होटल एसोसिएशन यमुनावैली ने SP उत्तरकाशी का किया सम्मान 
उत्तरकाशी

चारधाम यात्रा को सफल,सुरक्षित एवं सुगम संचालन को लेकर होटल एसोसिएशन यमुनावैली के पदाधिकारियों द्वारा पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय से शिष्टाचार भेंट कर उत्तरकाशी पुलिस के कार्यों की सराहना की।

प्रतिनिधिमंडल ने यात्रा मार्ग पर पुलिस द्वारा की गई प्रभावी यातायात व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, खोया-पाया सहायता, श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा 24×7 मुस्तैद ड्यूटी की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।

होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष सोबन सिंह राणा ने कहा कि इस वर्ष यमुनोत्री धाम मार्ग पर पुलिस का व्यवहार अत्यंत संवेदनशील एवं पेशेवर रहा। ट्रैफिक जाम की स्थिति नगण्य रही, पार्किंग व्यवस्था बेहतर दिखी तथा होटल व्यवसायियों को भी हरसंभव सहयोग मिला, जिससे श्रद्धालुओं का यात्रा अनुभव सुखद रहा और स्थानीय व्यापार को भी लाभ मिला। यात्रा के दौरान नशे तथा अवैध शराब की तस्करी पर भी अंकुश देखने को मिला है। पुलिस द्वारा कई नशा तस्करों को गिरफ्तार कर NDPS Act के केस दर्ज किये गये हैं।

इस अवसर पर होटल एसोसिएशन द्वारा पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी को प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया तथा भविष्य में भी इसी प्रकार के समन्वय की अपेक्षा व्यक्त की।

एसोसिएशन एवं यात्रा कारोबारियों ने बताया कि उत्तरकाशी पुलिस की चुस्त-दुरुस्त व्यवस्थाओं के परिणामस्वरूप चारधाम यात्रा के अब तक के 59 दिनों में लगभग 11.30 लाख श्रद्धालुओं ने गंगोत्री एवं यमुनोत्री धाम के सुरक्षित एवं निर्बाध दर्शन कर सुखद यात्रा का अनुभव प्राप्त किया है।

पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी द्वारा होटल एसोसिएशन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तरकाशी पुलिस का लक्ष्य “सुरक्षित यात्रा – सुखद यात्रा” है। उन्होंने कहा कि स्थानीय जनता, व्यापारियों, यात्रा कारोबारियों एवं श्रद्धालुओं के सहयोग से “सुविधा, सुरक्षा एवं सम्मान” के संकल्प के साथ यात्रा व्यवस्थाओं को आगे भी और अधिक बेहतर बनाया जाएगा। इस दौरान एसपी उत्तरकाशी द्वारा प्रबुद्ध जनों से यात्रा व पुलिस व्यवस्थाओं को ओर अधिक प्रभावी व सुदृढ़ करने हेतु सुझाव भी लिए गये।

इस अवसर पर होटल एसोसिएशन यमुनावैली के अध्यक्ष सोबन सिंह राणा, यमुनोत्री धाम के रावल ज्योति प्रसाद उनियाल, पूर्व प्रधान चैन सिंह रावत, उपाध्यक्ष अनिल सिंह चौहान, धनश्याम नौटियाल, दिपिन राणा, विनोद डिमरी, राजदीप रौंतेला, बलदेव परमार, अभिषेक सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!