गंगोत्री मंदिर समिति ने उत्तरकाशी पुलिस को किया सम्मानित: यात्रा के सफल प्रबंधन पर मिला ‘देवदूत’ का सम्मान
गंगोत्री मंदिर समिति ने उत्तरकाशी पुलिस को किया सम्मानित: यात्रा के सफल प्रबंधन पर मिला ‘देवदूत’ का सम्मान
उत्तरकाशी
चारधाम यात्रा-2026 के प्रथम चरण के दौरान उत्कृष्ट यात्रा प्रबंधन, प्रभावी यातायात संचालन, भीड़ नियंत्रण तथा देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए गंगोत्री मंदिर समिति द्वारा उत्तरकाशी पुलिस की पीठ थपथपाई गई है। मंदिर समिति द्वारा पुलिस अधीक्षक (SP) उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय सहित गंगोत्री धाम में तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों को एक भव्य समारोह में सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर गंगोत्री मंदिर समिति के सचिव एवं रावल सुरेश सेमवाल ने पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय को स्मृति-चिह्न (मेमेन्टो) एवं माँ गंगा का पावन प्रसाद भेंट कर उनका स्वागत किया। उन्होंने चारधाम यात्रा के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए उत्तरकाशी पुलिस की कार्यप्रणाली की जमकर सराहना की।

इन पुलिस अधिकारियों और जवानों का हुआ सम्मान
समारोह में गंगोत्री धाम में अग्रिम मोर्चे पर रहकर उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले उत्तरकाशी पुलिस के अधिकारियों एवं जवानों को सम्मानित किया गया. जिसमे प्रभारी निरीक्षक (हर्षिल)प्रदीप तोमर,चौकी प्रभारी (गंगोत्री),प्रमोद उनियाल
अपर उपनिरीक्षक (ASI),देवदास,आरक्षी (कॉन्स्टेबल)पंचम राणा, नवनीत, कुलदीप तोमर
एसडीआरएफ (SDRF) टीम: नवीन पोखरिया, पुष्पा और होमगार्ड वीरेंद्र रहे.
71 दिनों में 6.7 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि चारधाम यात्रा के प्रथम चरण के 71 दिनों में अब तक करीब 6.7 लाख श्रद्धालु गंगोत्री धाम में मां गंगा के पावन दर्शन कर चुके हैं। इतनी भारी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन के बावजूद उत्तरकाशी पुलिस ने यातायात, पार्किंग, भीड़ नियंत्रण और दर्शन व्यवस्था का अत्यंत कुशल, अनुशासित एवं प्रभावी संचालन किया। यात्रा के दौरान पुलिस कर्मियों ने कई मौकों पर बीमार और असहाय तीर्थयात्रियों की मदद कर ‘देवदूत’ की भूमिका निभाई।
*हमारा ध्येय “सुविधा, सुरक्षा एवं सम्मान” – एसपी कमलेश उपाध्याय*
सम्मान प्राप्त करने के बाद पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने गंगोत्री मंदिर समिति का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, चारधाम यात्रा के सफल संचालन में मंदिर समिति की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही है। समिति ने पुलिस और प्रशासन को हर मोड़ पर सराहनीय सहयोग दिया है।
एसपी ने आगे कहा कि चारधाम यात्रा-2026 के लिए उत्तरकाशी पुलिस का ध्येय वाक्य “सुविधा, सुरक्षा एवं सम्मान” है। इसी भावना के अनुरूप प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित और सहज यात्रा अनुभव देने के लिए पुलिस पूरी निष्ठा से काम कर रही है। इस दौरान एसपी उत्तरकाशी द्वारा भी धाम में तैनात जवानों के उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें नकद पारितोषिक देकर पुरस्कृत किया गया।
समारोह में ये रहे उपस्थित
इस गरिमामयी सम्मान समारोह में मंदिर समिति के अध्यक्ष एवं रावल धर्मानंद सेमवाल, सह सचिव जय कृष्णा सेमवाल सहित समिति के अन्य पदाधिकारी, स्थानीय गंगा पुरोहित, व्यापारी वर्ग और पुलिस बल के अधिकारी उपस्थित रहे।
