उत्तराखंड

एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय ने विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा  का परिणाम घोषित  

एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय ने विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा  का परिणाम घोषित  

श्रीनगर (गढ़वाल )
हेमवती नन्दन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय (केंद्रीय विश्वविद्यालय) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 17 से 20 जून 2026 तक आयोजित विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा (यूईटी-2026-27) का परिणाम घोषित कर दिया है। अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की प्रवेश वेबसाइट https://online.hnbgu.ac.in/entrance_26 पर जाकर अपना प्रवेश परीक्षा अनुक्रमांक (Roll Number) एवं जन्मतिथि दर्ज कर परिणाम देख सकते हैं।

इस शैक्षणिक सत्र में विश्वविद्यालय परिसर एवं सम्बद्ध महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों हेतु विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा में न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक तथा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग (नॉन-क्रीमी लेयर) के अभ्यर्थियों हेतु 5 प्रतिशत की छूट (अर्थात 35 प्रतिशत अंक) का प्रावधान किया गया था। विश्वविद्यालय के वर्तमान नामांकित विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा में निरंतरता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से निर्धारित न्यूनतम पात्रता अंकों में अतिरिक्त 5 प्रतिशत की छूट भी प्रदान की गई है। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि यूईटी-2026-27 का परिणाम केवल शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रवेश हेतु ही मान्य होगा।

विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा समन्वयक डॉ. प्रीतम सिंह नेगी ने बताया कि यूईटी-2026-27 के अंतर्गत 101 से अधिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु कुल 13,900 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से 9,786 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए, जबकि 2,276 अभ्यर्थी परीक्षा में अनुपस्थित रहे। प्रवेश परीक्षा के दौरान एल.एल.बी. पाठ्यक्रम की प्रवेश परीक्षा में देहरादून परीक्षा केन्द्र पर सम्मिलित एक अभ्यर्थी को अनुचित साधनों का दोषी पाए जाने पर विश्वविद्यालय द्वारा उसे परीक्षा से डिबार (Debar) घोषित किया गया है।

उन्होंने बताया कि स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के साथ-साथ बी.एड., बी.पी.एड., एल.एल.बी. एवं बी.लिब. में प्रवेश के इच्छुक एवं विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण कर अपनी पसंद के विश्वविद्यालय परिसर अथवा सम्बद्ध महाविद्यालय का चयन करना अनिवार्य होगा। समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण एवं काउंसलिंग प्रक्रिया संबंधी विस्तृत अधिसूचना शीघ्र ही छात्र अधिष्ठाता कल्याण कार्यालय द्वारा जारी की जाएगी।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित सभी प्रवेश एवं अन्य परीक्षाएँ पूर्ण पारदर्शिता, गोपनीयता एवं निर्धारित नियमावली के अनुरूप संपन्न कराई जाती हैं। परीक्षा की निष्पक्षता, गोपनीयता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए प्रत्येक स्तर पर निर्धारित मानकों का कठोरता से पालन किया जाता है।

विश्वविद्यालय ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित नवीनतम सूचनाओं, पंजीकरण कार्यक्रम एवं काउंसलिंग संबंधी अद्यतन जानकारी के लिए नियमित रूप से विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट एवं प्रवेश पोर्टल का अवलोकन करते रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!