स्वास्थ्य सेवा पखवाड़ा: पाटी में तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का समापन, अंतिम दिन 160 मरीजों ने उठाया निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ
स्वास्थ्य सेवा पखवाड़ा: पाटी में तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का समापन, अंतिम दिन 160 मरीजों ने उठाया निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ
चम्पावत: स्वास्थ्य विभाग चम्पावत द्वारा “सेवा, सुशासन और समर्पण” के संकल्प के तहत आयोजित स्वास्थ्य सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पाटी में आयोजित तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का बुधवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। शिविर के अंतिम दिन 160 मरीजों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परामर्श लेकर निःशुल्क उपचार एवं विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। वहीं, दो पात्र लाभार्थियों के दिव्यांगता प्रमाण-पत्र भी बनाए गए।
शिविर के दौरान मरीजों का विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। इसके अलावा एक्स-रे, विभिन्न प्रकार की रक्त जांच, ओरल कैंसर, सर्वाइकल कैंसर एवं ब्रेस्ट कैंसर की स्क्रीनिंग, मधुमेह एवं उच्च रक्तचाप की जांच, गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच सहित कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने बताया कि स्वास्थ्य सेवा पखवाड़ा का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों तक विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और उपचार से गंभीर बीमारियों की रोकथाम संभव है। विभाग की प्राथमिकता प्रत्येक व्यक्ति को उसके नजदीक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। साथ ही उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवा पखवाड़ा के माध्यम से जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं की पहुंच बढ़ाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
शिविर में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बलवीर सिंह, फिजिशियन डॉ. रविंद्र सिंह बोहरा, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ0 राजीव चौहान स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. बीना मलकानी, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. शौर्य, बीपीएम अमर चंद, बीएलए रंजीत मेहता, फार्मासिस्ट प्रकाश सिंह, सीएचओ कविता, शालिनी, मेघा, एएनएम पूजा नयाल, बबीता, आशा फैसिलिटेटर मंजू, गीता, नीमा सहित स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं।
