उत्तराखंड

हरेला पर्व पर एसएसपी टिहरी श्वेता चौबे का हरित संकल्प

हरेला पर्व पर एसएसपी टिहरी श्वेता चौबे का हरित संकल्प

पुलिस लाइन चंबा सहित जनपद के सभी थाना परिसरों में हुआ व्यापक वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

टिहरी

उत्तराखण्ड के लोकपर्व हरेला के शुभ अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के नेतृत्व में पुलिस लाइन चंबा परिसर में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विभिन्न प्रजातियों के 200 पौधों का वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन एवं हरित उत्तराखण्ड के निर्माण का संदेश दिया गया।

 

कार्यक्रम के दौरान एसएसपी श्वेता चौबे ने स्वयं पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी आस्था, जिम्मेदारी और संरक्षण का प्रतीक है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अधिक से अधिक पौधारोपण करने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का आह्वान किया, ताकि यह अभियान हरित भविष्य की दिशा में एक स्थायी पहल बन सके।

 

इस अवसर पर एसएसपी श्वेता चौबे ने पुलिस लाइन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे सभी रिक्रूट आरक्षियों को निर्देशित किया कि प्रशिक्षण अवधि के दौरान उनके द्वारा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण की जिम्मेदारी वे स्वयं निभाएंगे, जिससे प्रत्येक पौधा सुरक्षित रहकर एक सुदृढ़ वृक्ष के रूप में विकसित हो सके।

 

वृक्षारोपण अभियान में पुलिस लाइन के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रशिक्षु पुलिसकर्मियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। इस दौरान छायादार, फलदार एवं स्थानीय प्रजातियों के पौधे लगाए गए।

 

पुलिस लाइन चंबा के साथ-साथ जनपद के सभी थाना परिसरों में भी हरेला पर्व के अवसर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। सभी थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया।

 

एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सतत दायित्व है। यदि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिवर्ष कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।

 

टिहरी पुलिस ने जनपदवासियों से अपील की कि हरेला पर्व के अवसर पर अधिक से अधिक पौधारोपण करें, लगाए गए पौधों का संरक्षण करें तथा पर्यावरण संरक्षण के इस जन अभियान में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाएं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!