हरेला पर्व पर ग्राम बिजोरी में रोपे गए पौधे, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
हरेला पर्व पर ग्राम बिजोरी में रोपे गए पौधे, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
हरेला पर्व हमारी समृद्ध लोक संस्कृति और प्रकृति के प्रति गहरे लगाव का प्रतीक- वन क्षेत्राधिकारी निधि नेगी
नौगांव- हर गाँव का यहीं पैगाम, एक पेड़ मां के नाम थीम के तहत हरेला वन ग्राम बिजोरी में हरेला पर्व धूमधाम से मनाया गया। अपर यमुना वन प्रभाग बड़कोट की नौगांव रेंज की वन क्षेत्राधिकारी निधि नेगी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में वन कर्मियों और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

इस दौरान वन विभाग की टीम और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया। वन क्षेत्राधिकारी निधि नेगी ने ग्रामीणों को हरेला पर्व की बधाई देते हुए वनों के महत्व और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
वन क्षेत्राधिकारी निधि नेगी ने कहा कि हरेला पर्व हमारी समृद्ध लोक संस्कृति और प्रकृति के प्रति गहरे लगाव का प्रतीक है। कहा कि हमारा उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उन्हें जीवित रखकर उनका संरक्षण करना भी है। यदि हर ग्रामीण एक पौधे को गोद लेकर उसकी सुरक्षा का संकल्प ले, तभी हम अपनी आने वाली पीढ़ियों को एक सुरक्षित और हरा-भरा भविष्य दे पाएंगे।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व जिला सहकारी समिति उत्तरकाशी अध्यक्ष रणबीर सिंह रावत, पूर्व कनिष्ठ प्रमुख दर्शनी देवी, ग्राम प्रधान बिजोरी जगमोहन विश्वकर्मा, ग्राम प्रधान भौंती नवीन चौहान, समाजसेवी जयदेव रावत, वन बीट अधिकारी खाटल बीट सचिन नेगी सहित ग्रामीण उपस्थित रहे।
