तीन दिवसीय स्वास्थ्य शिविर के दूसरे दिन जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी में विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर, 650 मरीजों ने उठाया निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ.
स्वास्थ्य सेवा सप्ताह के द्वितीय चरण में तीन दिवसीय स्वास्थ्य शिविर के दूसरे दिन जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी में विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर
650 मरीजों ने उठाया निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ
उत्तरकाशी
सेवा, सुशासन और समर्पण के संकल्प के साथ आयोजित स्वास्थ्य सेवा सप्ताह के द्वितीय चरण के अंतर्गत तीन दिवसीय स्वास्थ्य शिविर के दूसरे दिन मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय के दिशा-निर्देशन एवं प्रमुख अधीक्षक डॉ. बी. एस. रावत की अगुवाई में जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी में विशेषज्ञ चिकित्सा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में आमजन ने पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया तथा विभिन्न निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर के दौरान कुल 650 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इनमें 223 मरीजों की उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन), 210 मरीजों की मधुमेह की जांच की गई। इसके अतिरिक्त 56 मरीजों की सर्वाइकल कैंसर, 85 मरीजों की ब्रेस्ट कैंसर एवं 73 मरीजों की ओरल कैंसर की स्क्रीनिंग की गई। वहीं 08 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच तथा 90 मरीजों की टीबी जांच की गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श, उपचार एवं अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रदान की गईं।
स्वास्थ्य सेवा शिविर के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय ने जिला चिकित्सालय एवं जिला महिला चिकित्सालय का भ्रमण कर सभी वार्डों, ओपीडी एवं विभिन्न अनुभागों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य शिविर में आए मरीजों से वार्ता के साथ-साथ मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सकीय व्यवस्थाओं, साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक बेहतर एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा सप्ताह के माध्यम से विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ जिला मुख्यालय में भी इस प्रकार के शिविरों के माध्यम से आमजन को समय पर गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान प्रमुख अधीक्षक डॉ. बी. एस. रावत, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. एस. पांगती सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
