पूर्व ब्लॉक प्रमुख विनीता रावत ने कौशल विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा को सौंपा ज्ञापन, भटवाड़ी में आईटीआई केंद्र खोलने की मांग को मिला सकारात्मक आश्वासन
पूर्व ब्लॉक प्रमुख विनीता रावत ने कौशल विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा को सौंपा ज्ञापन, भटवाड़ी में आईटीआई केंद्र खोलने की मांग को मिला सकारात्मक आश्वासन
उत्तरकाशी-
सीमांत क्षेत्र भटवाड़ी मुख्यालय में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) केंद्र खोलने की मांग को लेकर हलचल तेज हो गई है। पूर्व ब्लॉक प्रमुख विनीता रावत ने उत्तराखंड सरकार के पशुपालन, मत्स्य पालन एवं कौशल विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा से मुलाकात कर उन्हें एक ज्ञापन पत्र सौंपा और क्षेत्र की इस प्रमुख समस्या से अवगत कराया।
विनीता रावत ने मंत्री के संज्ञान में लाया कि भटवाड़ी क्षेत्र के दूरस्थ गांवों मुखवा, धराली, हर्षिल, जसपुर, झाला, पुराली, बगोरी, सुक्की एवं उपला टकनौर सहित निचले इलाकों से उत्तरकाशी स्थित आईटीआई की दूरी लगभग 80 से 90 किलोमीटर है। इतनी अधिक दूरी और दुर्गम पहाड़ी मार्ग होने के कारण स्थानीय युवाओं, खासकर ग्रामीण पृष्ठभूमि के छात्र-छात्राओं को तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

मामले की गंभीरता और सीमांत क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए मंत्री सौरभ बहुगुणा ने त्वरित संज्ञान लिया। उन्होंने मौके पर ही शासन के सचिव सी. रविशंकर को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए। मंत्री के निर्देश पर सचिव ने भी दूरी और क्षेत्र की आवश्यकता का आकलन करते हुए संबंधित निदेशक को मामले पर जल्द से जल्द विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए हैं।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख विनीता रावत का कहना है कि यदि भटवाड़ी में आईटीआई केंद्र की स्थापना होती है, तो यह सीमांत क्षेत्र के युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही रोजगारपरक एवं तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा। शासन और मंत्री के सकारात्मक रुख से क्षेत्रवासियों में जल्द निर्णय होने की उम्मीद जगी है।
