गंगोत्री धाम में कांवड़ियों के जत्थों का आगमन शुरू, गूंजने लगे ‘हर-हर महादेव’ के जयकारें
गंगोत्री धाम में कांवड़ियों के जत्थों का आगमन शुरू, गूंजने लगे ‘हर-हर महादेव’ के जयकारें
उत्तरकाशी- सावन के पावन महीने की शुरुआत के साथ ही उत्तराखंड के प्रसिद्ध गंगोत्री धाम में कावड़ियों की हलचल और रौनक बढ़ गई है। देश के कोने-कोने से पवित्र गंगाजल लेने के लिए शिवभक्तों (कावड़ियों) के जत्थों का धाम में पहुंचना शुरू हो चुका है। पूरा गंगोत्री क्षेत्र ‘जय मां गंगे’ और ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष से गुंजायमान है।
पैदल यात्रा कर पहुंच रहे श्रद्धालु
गंगोत्री धाम के गंगा पुरोहित राजेश सेमवाल ने बताया कि धाम में धीरे-धीरे कावड़ियों की भीड़ बढ़ने लगी है। वर्तमान में जो कावड़िये पहुंच रहे हैं, वे पैदल यात्रा कर धाम तक आ रहे हैं। ये श्रद्धालु यहां आकर मां भगवती गंगा की विशेष पूजा-अर्चना कर रहे हैं और पवित्र गंगाजल भर रहे हैं, जिसे वे आगामी महाशिवरात्रि पर भगवान भोलेनाथ को अर्पित करेंगे।
डाक कावड़ का भी होगा आगमन
पुरोहित राजेश सेमवाल ने जानकारी दी कि अभी शुरुआत में पैदल कावड़िये आ रहे हैं, लेकिन कुछ ही समय बाद यहां ‘डाक कावड़’ के रूप में हजारों की संख्या में शिवभक्तों का हुजूम उमड़ेगा। डाक कावड़ के दौरान वाहनों और धावकों के माध्यम से बेहद कम समय में गंगाजल गंतव्य तक पहुंचाया जाता है।
11 तारीख को होगा जलाभिषेक
गंगा पुरोहित के अनुसार, गंगोत्री धाम से पवित्र गंगाजल भरने के बाद सभी कावड़िये अपने-अपने शिवालयों की ओर प्रस्थान करेंगे और आगामी 11 तारीख को शिवरात्रि के पावन पर्व पर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे।
निर्विघ्न यात्रा के लिए प्रार्थना
गंगा पुरोहित ने मां गंगा से सभी की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए कहा, “मां भगवती गंगा सबको सुखी और संपन्न रखें। यह कावड़ यात्रा बिना किसी विघ्न के निरंतर चलती रहे और मां गंगा की कृपा सभी भक्तों पर सदैव बनी रहे।” धाम में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर स्थानीय प्रशासन भी मुस्तैद दिखाई दे रहा है ताकि श्रद्धालुओं को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
