उत्तरकाशी पुलिस के जवानों ने बैडमिंटन युगल प्रतियोगिता का खिताब किया अपने नाम
उत्तरकाशी पुलिस के जवानों ने बैडमिंटन युगल प्रतियोगिता का खिताब किया अपने नाम
उत्तरकाशी
“नशे को न, खेल/ज़िंदगी को हाँ” थीम पर सौरभ फाउण्डेशन के तत्वावधान में पुरीखेत, उत्तरकाशी में आयोजित “बैडमिंटन प्रतियोगिता सीजन-3” की ओपन युगल स्पर्धा के फाइनल मुकाबले में उत्तरकाशी पुलिस के मुख्य आरक्षी विजय राणा एवं जितेन्द्र सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय ने दोनों विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। SP ने बताया कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता एवं मानसिक दृढ़ता के निर्माण का सशक्त आधार हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस जैसी चुनौतीपूर्ण एवं अत्यधिक व्यस्त सेवा में कार्यरत कार्मिकों के लिए नियमित खेलकूद एवं व्यायाम शारीरिक दक्षता, मानसिक संतुलन तथा तनावमुक्त जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। एक स्वस्थ, ऊर्जावान एवं फिट पुलिस बल ही समाज को प्रभावी, संवेदनशील एवं गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवाएं प्रदान कर सकता है।
उन्होंने कहा कि खेलों के प्रति रुचि युवाओं एवं पुलिस कार्मिकों को नशे तथा अन्य कुप्रवृत्तियों से दूर रखकर सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करती है। इसी उद्देश्य से उत्तरकाशी पुलिस समय-समय पर खेल एवं फिटनेस को प्रोत्साहित करने वाले आयोजनों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित कर रही है।
पुलिस अधीक्षक ने दोनों जवानों द्वारा व्यस्त ड्यूटी के बावजूद खेल के प्रति समर्पण, अनुशासन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए इसे समस्त पुलिस कार्मिकों एवं युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया। सभी से अपने दैनिक जीवन में नियमित व्यायाम एवं खेल गतिविधियों को शामिल करने का आह्वान किया गया। उनके द्वारा बताया गया कि उत्तरकाशी पुलिस अपने दायित्वों के निर्वहन के साथ-साथ खेल एवं फिटनेस की भावना को भी समान प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाने के लिए सतत प्रयासरत है।
