उत्तराखंडदेहरादून

चतुर्थ पहाड़ी कावड़ यात्रा का 8 अगस्त से होगा भव्य शुभारंभ, शिवभक्तों में भारी उत्साह 

चतुर्थ पहाड़ी कावड़ यात्रा का 8 अगस्त से होगा भव्य शुभारंभ, शिवभक्तों में भारी उत्साह 

नैनबाग- देवभूमि उत्तराखंड की अलौकिक संस्कृति, धार्मिक धरोहर और पूर्वजों की पावन परंपराओं के संरक्षण के उद्देश्य से आयोजित होने वाली ‘त्रि-दिवसीय चतुर्थ देवभूमि कावड़ यात्रा (पहाड़ी कावड़ यात्रा) का भव्य और दिव्य शुभारंभ 8 अगस्त को होने जा रहा है। यात्रा में हजारों शिव भक्तों के जुटने की संभावना है। बता दें कि 8 अगस्त को ब्रह्म मुहूर्त प्रात काल बिंडेश्वर पर्वत नागथात से पूजा अर्चना के साथ यात्रा का शुभारंभ होगा।

 

इसके बाद द्वारिकापुरी से कावड़ियों का जत्था हरिद्वार के लिए रवाना होगा। घंटाघर देहरादून पहुँचने पर बजरंग दल देहरादून द्वारा कावड़ यात्रा का भव्य स्वागत और सत्कार किया जाएगा। सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ और जलपान का आयोजन किया जाएगा। हर की पैड़ी, हरिद्वार में भव्य रात्रि जागरण एवं हरि-कीर्तन संपन्न होगा। रात्रि विशाल भंडारे का आयोजन भाजपा नेता राजेश नौटियाल करेंगे। 9 अगस्त को प्रातः 4:00 बजे: हर की पैड़ी हरिद्वार से पवित्र गंगाजल भरकर द्वारिकापुरी के लिए वापसी प्रस्थान किया जाएगा। वहीं मां दुर्गा मंदिर, बल्लूपुर देहरादून में राकेश सिंह चौहान और उनके परिवार द्वारा कांवड़ियों के लिए जलपान और भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद बाढ़वाला, विकास नगर में यात्रियों के विश्राम और भंडारे की व्यवस्था भाजपा नेता सुभाष रमोला करेंगे। इसके बाद यात्रा द्वारिकापुरी के लिए प्रस्थान होगी।

 

10 अगस्त को प्रातः 11:00 बजे देवभूमि कावड़ यात्रा का द्वारिकापुरी आगमन होगा। भगवान भोलेनाथ का भव्य जलाभिषेक और रुद्राभिषेक संपन्न होगा, जिसके बाद विशाल भंडारे व महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।यात्रा अपने अंतिम छोर सिद्धपीठ नाग देवता मंदिर, नागथात पहुँचेगी, जहाँ विशेष पूजा-अर्चना और अभिषेक के साथ चतुर्थ देवभूमि कावड़ यात्रा को विश्राम होगा।

 


यात्रा में कैबिनेट मंत्री खजान दास, संत लवदास महाराज, रुद्रसेना के संस्थापक राकेश उत्तराखंडी, जिला पंचायत सदस्य रामदयाल शाह, कांग्रेस नेता वीरेंद्र रावत, प्रधान संगठन जौनपुर के अध्यक्ष प्रदीप कवि, भाजपा नेता राजेश नौटियाल, नारायण सिंह राणा, सुभाष रमोला, संजीव नौटियाल, आचार्य महेश सेमवाल सहित क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति सम्मिलित होकर भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।

 

देवभूमि कावड़ यात्रा के प्रवर्तक गौतम उनियाल जी ने कहा यह कावड़ यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति, सनातन मूल्यों और पूर्वजों की अनमोल धरोहर को संजोने का एक पवित्र संकल्प है। समस्त देवभूमि वासियों एवं शिव भक्तों से विनम्र आग्रह है कि इस दिव्य यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में सम्मिलित होकर पुण्य के भागी बनें और यात्रा को ऐतिहासिक बनाएं।

 

 

गौरा माता शिव मंदिर समिति द्वारिकापुरी के बचन सिंह चौहान, देव पशुवा जयवीर चौहान, क्षेत्र पंचायत सदस्य अजबीर, प्रधान संतराम धीमान, प्रवीन चौहान, जयराम चौहान और अजबीर चौहान ने सभी क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे तन, मन और धन से इस पावन यात्रा में अपना सहयोग प्रदान कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!