उत्तरकाशीउत्तराखंड

सऊदी अरब में फंसे इन्द्रमणि नौटियाल के परिवार से मिले विधायक सुरेश चौहान

सऊदी अरब में फंसे इन्द्रमणि नौटियाल के परिवार से मिले विधायक सुरेश चौहान

उत्तरकाशी

गाजणा क्षेत्र के निवासी इन्द्रमणि नौटियाल पिछले आठ वर्षों से सऊदी अरब में फंसे हुए हैं। उनका परिवार लगातार उनकी घर वापसी का इंतजार कर रहा है, लेकिन अब तक वे भारत नहीं लौट पाए हैं।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इन्द्रमणि नौटियाल सऊदी अरब की एक कंपनी में ट्रक चालक के रूप में कार्यरत थे। इसी दौरान ट्रक चलाते समय उनसे एक सड़क दुर्घटना हो गई, जिसके बाद उन्हें जेल जाना पड़ा। बताया जाता है कि कंपनी की लापरवाही के कारण उन पर दो करोड़ रुपये से अधिक का आर्थिक दंड भी लगाया गया। इतनी बड़ी राशि का भुगतान करना उनके लिए संभव नहीं है, जिसके चलते उनकी रिहाई और घर वापसी का मामला लंबे समय से अटका हुआ है।

 

इधर, परिवार ने सोशल मीडिया के माध्यम से भावुक अपील कर लोगों से सहायता की गुहार लगाई। इसके बाद कई लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए आर्थिक सहयोग देना शुरू किया।

 

हाल ही में गाजणा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ता गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान के नेतृत्व में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिले और उन्हें पूरे मामले से अवगत कराया। इस पर मुख्यमंत्री ने तत्काल संज्ञान लेते हुए भारत सरकार के विदेश मंत्रालय को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया।

 

परिवारजनों से बातचीत के दौरान विधायक सुरेश चौहान ने बताया कि उन्होंने पहले भी इस संबंध में पत्राचार किया था, लेकिन उस समय मामले की पूरी जानकारी स्पष्ट न होने के कारण अपेक्षित प्रगति नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि अब क्षेत्रीय प्रतिनिधियों एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष गाजणा राजीव नौटियाल सहित अन्य लोगों द्वारा मामले की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई है, जिसके बाद आवश्यक कार्रवाई आगे बढ़ रही है।

 

विधायक सुरेश चौहान ने कहा कि इस मामले को क्षेत्र के सभी सांसदों के संज्ञान में भी लाया जाएगा, ताकि उनके स्तर से भी हर संभव सहयोग मिल सके। उन्होंने परिवार को आश्वस्त किया कि इन्द्रमणि नौटियाल की सुरक्षित घर वापसी के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

 

इस दौरान विधायक सुरेश चौहान एवं उनके साथ आए भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने परिवार को ढांढस बंधाया तथा आर्थिक सहायता भी प्रदान की, जिससे परिवार को कुछ राहत मिल सके।

 

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष राजीव नौटियाल, मंडल महामंत्री बलवीर चौहान, यशवीर पयाल, सुकेश नौटियाल, मेघ सिंह राणा, प्रताप रावत, सुरेन्द्र हर्षमणी नौटियाल, मनोज चौहान, मनोज रावत, जितेन्द्र पोखरियाल, गजे पोखरियाल, जुगल नौटियाल, दीपक नौटियाल, रामलखन चौहान, फूल सिंह रावत, बलवीर राणा, तेजपाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!