हरेला पर्व पर जूनियर हाई स्कूल मजगांव में पौधारोपण व पर्यावरण जागरूकता कार्यशाला आयोजित
हरेला पर्व पर जूनियर हाई स्कूल मजगांव में पौधारोपण व पर्यावरण जागरूकता कार्यशाला आयोजित
थत्यूड/सकलाना- हरेला पर्व के अवसर पर वन पंचायत मजगांव स्थित जूनियर हाई स्कूल, मजगांव में वन विभाग, सकलाना रेंज के तत्वावधान में पौधारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण, वनाग्नि रोकथाम तथा वन्यजीव–मानव संघर्ष की रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विद्यार्थियों और ग्रामीणों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय जनसहभागिता के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देना, प्रदूषण के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा वनाग्नि और वन्यजीव–मानव संघर्ष की घटनाओं को कम करने के लिए ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों को प्रशिक्षित करना रहा। वन विभाग के अधिकारियों ने इन विषयों पर विस्तार से जानकारी देते हुए वनों और पर्यावरण की सुरक्षा में जनसहयोग का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य भूतसी सीता मनवाल उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में ग्राम प्रधान मरोड़ा सरोप सिंह नेगी, ग्राम प्रधान मजगांव गोपाल सिंह कंडारी, वन सरपंच मजगांव संजय कंडारी, वन सरपंच उनियाल गांव अनुसूया प्रसाद उनियाल, सामाजिक कार्यकर्ता अनिल हटवाल तथा वन विभाग की ओर से अनुभाग अधिकारी प्यार चंद रमोला, हीरा सिंह पंवार, वन बीट अधिकारी अंकित राणा सहित अन्य वन कर्मी मौजूद रहे। विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण, छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस दौरान विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया। सभी को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और रोपित पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प दिलाया गया। वक्ताओं ने कहा कि जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौती का प्रभावी समाधान प्रकृति संरक्षण और व्यापक वृक्षारोपण से ही संभव है।
वन विभाग के अधिकारियों ने वनाग्नि से जंगलों की सुरक्षा के उपायों तथा वन्यजीव–मानव संघर्ष को कम करने के लिए अपनाई जाने वाली सावधानियों की जानकारी भी दी। विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण का संदेश अपने परिवार और समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत छात्र-छात्राओं के लिए पर्यावरण संरक्षण, वनाग्नि रोकथाम एवं वन्यजीव संरक्षण विषयों पर निबंध प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर कुसुम नेगी, भागचंद रमोला, महावीर धनोला, बनवारी लाल, वी.पी. सिंह, संदीप, महेश, वीरचंद कुमाई सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
