गंगोत्री मार्ग पर भूधंसाव और कटाव से बढ़ी चिंता, भाजपा नेता जगमोहन रावत ने BRO से त्वरित कार्रवाई की मांग
गंगोत्री मार्ग पर भूधंसाव और कटाव से बढ़ी चिंता, भाजपा नेता जगमोहन रावत ने BRO से त्वरित कार्रवाई की मांग
उत्तरकाशी- गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगा नदी के कटाव और लगातार हो रहे भूधंसाव के कारण स्थानीय लोगों और गंगोत्री धाम आ रहे श्रद्धालुओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति का जायजा लेते हुए भाजपा नेता जगमोहन रावत ने सीमा सड़क संगठन (BRO) और प्रशासन से मार्ग की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
भाजपा नेता जगमोहन रावत ने कहा कि गंगोत्री मार्ग पर भटवाड़ी, चिड़ेती और पापड़गाड़ जैसे मुख्य पड़ाव नदी के कटाव से बेहद संवेदनशील बने हुए हैं। इन क्षेत्रों में कई संख्या में मकान और बस्तियां स्थित हैं, जिन पर कटाव और भूधंसाव का खतरा बना हुआ है। यदि समय रहते नदी के कटाव को रोकने के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, तो न केवल स्थानीय निवासियों के आवास सुरक्षित होंगे, बल्कि गंगोत्री यात्रा भी सुगम व भयमुक्त हो सकेगी।
रावत ने BRO से अपील करते हुए कहा कि सड़क को सुरक्षित और बाधारहित बनाने के लिए संवेदनशीलता के साथ दिन-रात कार्य करने की जरूरत है। इसके साथ ही उन्होंने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री, आपदा प्रबंधन विभाग और उत्तरकाशी के जिलाधिकारी से मामले में हस्तक्षेप कर सुरक्षा कार्यों में तेजी लाने की मांग की। उन्होंने श्रद्धालुओं से भी अपील की कि वे प्रशासन की व्यवस्थाओं के तहत ही अपनी यात्रा पूरी करें।
