Friday, August 7, 2026
Latest:
उत्तरकाशीउत्तराखंड

जनपद में लगातार हो रही बारिश के चलते जिलाधिकारी ने आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी अधिकारियों को 24/7 ‘हाई अलर्ट’ पर रहने के दिए निर्देश 

जनपद में लगातार हो रही बारिश के चलते जिलाधिकारी ने आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी अधिकारियों को 24/7 ‘हाई अलर्ट’ पर रहने के दिए निर्देश 

 

उत्तरकाशी

जिले की भौगोलिक परिस्थितियों एवं लगातार हो रही बारिश के दृष्टिगत जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी विभागीय अधिकारियों एवं उप जिलाधिकारियों को पूर्ण सतर्कता बरतते हुए 24/7 ‘हाई अलर्ट’ मोड पर रहने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में निरन्तर निगरानी बनाए रखें और किसी भी प्रकार की आपदा, भूस्खलन या मार्ग अवरुद्ध होने की सूचना मिलते ही त्वरित रिस्पॉन्स टाइम के साथ मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग , लोक निर्माण विभाग और बीआरओ के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि गंगोत्री व यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग सहित जिले की सभी मुख्य व ग्रामीण सड़कों पर भूस्खलन संभावित स्थलों पर मशीनरी एवं जनबल को मुस्तैद रखा जाए, ताकि मार्ग बाधित होने की दशा में उसे तत्काल यातायात हेतु बहाल किया जा सके।

 

जिलाधिकारी ने कांवड़ यात्रा को देखते हुए गंगोत्री एवं यमुनोत्री धाम की यात्रा पर आए श्रद्धालुओं, कांवड़ियों एवं आम जनमानस से विशेष अपील की है कि लगातार हो रही बारिश को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचे, सतर्कता बरते और सुरक्षित स्थानों पर ठहरें। भागीरथी, यमुना एवं अन्य सहायक नदियों/गदेरों के जलस्तर में वृद्धि की संभावना को देखते हुए नदी तटों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और ऐसे क्षेत्रों से यात्रा कर रहे कावड़ियों से विशेष सतर्कता बरतने और उफान पर आए गदेरों के पास न जाने तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जल संस्थान, विद्युत, स्वास्थ्य एवं खाद्य आपूर्ति विभाग अपने-अपने स्तर पर आवश्यक सेवाओं की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखें। प्रभावित क्षेत्रों में खाद्यान्न, पेयजल, चिकित्सा सहायता तथा आपातकालीन लाइटों की समुचित व्यवस्था प्राथमिकता पर सुनिश्चित की जाए।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!