अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने हीना स्क्रीनिंग प्वाइंट एवं पीएचसी भटवाड़ी का किया निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधार पर दिया जोर
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने हीना स्क्रीनिंग प्वाइंट एवं पीएचसी भटवाड़ी का किया निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधार पर दिया जोर
उत्तरकाशी
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ श्याम विजय के दिशा-निर्देशन में बृहस्पतिवार को अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पी.एस. पोखरियाल ने चारधाम यात्रा स्क्रीनिंग प्वाइंट हीना एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भटवाड़ी का निरीक्षण किया। इसके पश्चात प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भटवाड़ी में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (CHO), एएनएम एवं आशा सुलभकत्रियों की ब्लॉक स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित कर राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
हीना स्क्रीनिंग प्वाइंट के निरीक्षण के दौरान यात्रियों की समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य जांच तथा जीवन रक्षक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पीएचसी भटवाड़ी के निरीक्षण में ओपीडी, वार्ड, आपातकालीन कक्ष, डेंटल यूनिट, प्रयोगशाला एवं प्रसव कक्ष की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। डेंटल यूनिट के नियमित संचालन, प्रसव कक्ष में आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता एवं रखरखाव, प्रयोगशाला में जांच सुविधाओं तथा आईएलआर/डीप फ्रीजर के नियमित निरीक्षण एवं अभिलेखों के अद्यतन पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही बायो-मेडिकल वेस्ट के वैज्ञानिक प्रबंधन के निर्देश दिए गए।
समीक्षा बैठक में ए एन सी, पी एन सी, शिशु एवं किशोर स्वास्थ्य, नियमित टीकाकरण, परिवार नियोजन, वृद्धजन स्वास्थ्य सेवाओं तथा राष्ट्रीय गैर-संचारी रोग (NCD) कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समयबद्ध दैनिक उपस्थिति, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति तथा भारत सरकार के पोर्टलों पर आंकड़ों का नियमित एवं शुद्ध अद्यतन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पोखरियाल ने कहा कि भारत सरकार एवं उत्तराखंड सरकार दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार किया जाए तथा आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
भ्रमण एवं समीक्षा बैठक में प्रभारी चिकित्साधिकारी भटवाड़ी डॉ. वेद प्रकाश, जिला कार्यक्रम प्रबंधक हरदेव सिंह राणा, जिला सलाहकार ज्ञानेन्द्र पंवार, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक धनेश रमोला सहित ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधन यूनिट, सीएचओ, एएनएम एवं आशा सुलभकर्ता उपस्थित रहे।
