ब्लॉक सभागार डुंडा में 12वाँ राष्ट्रीय हथकरघा दिवस आयोजित, 35 से अधिक उत्कृष्ट बुनकर सम्मानित
ब्लॉक सभागार डुंडा में 12वाँ राष्ट्रीय हथकरघा दिवस आयोजित, 35 से अधिक उत्कृष्ट बुनकर सम्मानित
डुंडा (उत्तरकाशी)- जिला उद्योग केन्द्र उत्तरकाशी के तत्त्वावधान में आज ब्लॉक सभागार डुंडा में 12वें राष्ट्रीय हथकरघा दिवस का भव्य आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर जनपद में हथकरघा कला को जीवित रखने और क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 35 से अधिक बुनकरों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि, अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र ने उपस्थित बुनकरों के अथक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा, “हथकरघा उद्योग हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की रीढ़ है। स्थानीय बुनकरों को इस अनूठी परंपरा को आगे बढ़ाने के साथ-साथ नई पीढ़ी को भी इस हुनर से जोड़ने के लिए निरंतर प्रेरित किया जाना चाहिए।

समारोह में विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख डुंडा, राजदीप परमार ने अपने संबोधन में डुंडा क्षेत्र को ऊन बाजार के रूप में विकसित करने की संकल्पना प्रस्तुत की। उन्होंने विश्वास दिलाया कि उद्योग विभाग के समन्वय से क्षेत्र के हथकरघा उद्योग को नए आयाम तक पहुँचाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएँगे।
कार्यक्रम के दौरान जिला उद्योग केन्द्र उत्तरकाशी के प्रभारी महाप्रबंधक वैभव कुमार ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं स्वरोजगार योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही विगत वर्षों में राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन करने वाले बुनकरों की उपलब्धियों को भी विशेष रूप से रेखांकित किया गया।
इन्हें मिला सम्मान
समारोह में सम्मानित होने वाले प्रमुख बुनकरों में कैर सिंह, बिजेन्द्री देवी, लक्ष्मी चन्द, धर्म सिंह, सौम्पा देवी सहित 35 से अधिक बुनकर शामिल रहे। प्रशस्ति पत्र पाकर बुनकरों के चेहरे खिल उठे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला उद्योग केन्द्र के सहायक प्रबंधक आकाश सिंह, डुंडा ब्लॉक प्रमुख राजदीप परमार, वीरपुर प्रधान जमुना नेगी, दलवीर सिंह बिष्ट, अजीत सिंह रावत एवं पुजनेश राणा का विशेष योगदान रहा।
