उत्तरकाशीउत्तराखंड

विधानसभा चुनाव को लेकर महावीर शाह का जनसंपर्क जारी, ग्रामीण क्षेत्रों में मिल रहा समर्थन

विधानसभा चुनाव को लेकर महावीर शाह का जनसंपर्क जारी, ग्रामीण क्षेत्रों में मिल रहा समर्थन

 

पुरोला (उत्तरकाशी): उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां अभी से तेज हो गई हैं। पुरोला विधानसभा क्षेत्र से आगामी विधायक प्रत्याशी के रूप में प्रबल दावेदार महावीर शाह ने क्षेत्र में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। महावीर शाह लगातार सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर जनता से सीधा संवाद स्थापित कर रहे हैं और उनका आशीर्वाद ले रहे हैं।

शाह के इस सघन जनसंपर्क अभियान के तहत मोरी, पुरोला और नौगांव ब्लॉकों के दर्जनों गांवों में बैठकों और मुलाकातों का दौर जारी है। हाल ही में उन्होंने सीमांत मोरी क्षेत्र के आराकोट और उसके आस-पास के गांवों का दौरा कर स्थानीय लोगों से जनसंपर्क कर विधानसभा चुनाव के लिए आशीर्वाद लिया। इसके साथ ही पुरोला के विभिन्न गांवों और नौगांव क्षेत्र के कसलाना, बिजोरी, कफनोल, मुगरसंती और नियुडी जैसे ग्रामीण अंचलों में जाकर उन्होंने लोगों से मुलाकात की।

जनसंपर्क के दौरान महावीर शाह को ग्रामीणों का अभूतपूर्व समर्थन और स्नेह मिल रहा है। स्थानीय युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों से संवाद करते हुए शाह ने कहा कि पुरोला विधानसभा का सर्वांगीण विकास ही उनका मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं जैसे स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और रोजगार के अवसरों को बेहतर बनाने की प्रतिबद्धता जताई। ग्रामीणों ने भी पारंपरिक वाद्य यंत्रों और मालाओं के साथ उनका जोरदार स्वागत किया और क्षेत्र की समस्याओं को उनके समक्ष रखा।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि महावीर शाह का यह निरंतर जमीनी दौरा और जनता के बीच उनकी बढ़ती पैठ आगामी 2027 के चुनाव में समीकरणों को बदल सकती है। क्षेत्र की जनता के सुख-दुख में लगातार शामिल होने के कारण उनकी दावेदारी को बेहद मजबूती मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!