Sunday, August 9, 2026
उत्तरकाशीउत्तराखंड

एनएचएम कर्मचारी संगठन उत्तरकाशी में नए नेतृत्व पर सर्वसम्मति, अनिल बिष्ट को मिली जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी

 

एनएचएम कर्मचारी संगठन उत्तरकाशी में नए नेतृत्व पर सर्वसम्मति, अनिल बिष्ट को मिली जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी

 

उत्तरकाशी
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संगठन, जनपद उत्तरकाशी की जिला एवं ब्लॉक कार्यकारिणी के पदाधिकारियों की शनिवार को वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठनात्मक विषयों के साथ-साथ संगठन के अध्यक्ष द्वारा निजी कारणों के चलते अध्यक्ष पद से त्यागपत्र दिए जाने के उपरांत उत्पन्न स्थिति पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में उपस्थित जिला एवं ब्लॉक कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से इस बात पर जोर दिया कि अध्यक्ष संगठन का एक महत्वपूर्ण एवं अग्रणी पद है, जो संगठन को दिशा देने, कर्मचारियों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने तथा संगठन और प्रशासन के बीच मजबूत समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। अतः आगामी संगठनात्मक चुनाव तक वर्तमान जिला कार्यकारिणी में से किसी अनुभवी, कर्मठ एवं सर्वमान्य पदाधिकारी को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपा जाना आवश्यक है।

इस दौरान पदाधिकारियों ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि अध्यक्ष पद पर ऐसे व्यक्ति को जिम्मेदारी दी जानी चाहिए जो संगठनात्मक कार्यों का पर्याप्त अनुभव रखता हो, कर्मचारियों की समस्याओं एवं उनके अधिकारों की गहरी समझ रखता हो, कर्मचारियों की पीड़ा को अपनी पीड़ा समझते हुए उनकी आवाज को सक्षम अधिकारियों एवं संबंधित मंचों के सम्मुख प्रखरता और तथ्यों के साथ रखने की क्षमता रखता हो तथा संगठन की मजबूती के लिए निरंतर समर्पित होकर कार्य करता रहा हो।

बैठक में संगठन के उपाध्यक्ष आशुतोष पंवार द्वारा सर्वप्रथम महासचिव अनिल बिष्ट के नाम का प्रस्ताव आगामी संगठनात्मक चुनाव तक अध्यक्ष पद के लिए किया गया। उन्होंने बिष्ट की संगठन के प्रति कर्मठता, सक्रियता, अनुभव, कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से उठाने की क्षमता तथा संगठन हित में निरंतर किए जा रहे प्रयासों को देखते हुए उन्हें इस जिम्मेदारी के लिए उपयुक्त बताया।

उपाध्यक्ष द्वारा रखे गए प्रस्ताव का बैठक में उपस्थित सभी जिला एवं ब्लॉक कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने समर्थन करते हुए सर्वसम्मति से अनिल बिष्ट को आगामी संगठनात्मक चुनाव तक जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपने का निर्णय लिया। पदाधिकारियों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिलने के उपरांत अनिल बिष्ट ने सभी पदाधिकारियों एवं साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन द्वारा उन पर जो विश्वास व्यक्त किया गया है, वह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि संगठन किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि प्रत्येक कर्मचारी की आवाज और सामूहिक शक्ति का मंच है।

उन्होंने आश्वस्त किया कि जनपद के किसी भी कर्मचारी की समस्या को व्यक्तिगत समस्या न मानकर संगठन की सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में लिया जाएगा तथा कर्मचारियों की जायज मांगों एवं समस्याओं को सक्षम अधिकारियों एवं संबंधित उच्च मंचों के सम्मुख पूरी मजबूती तथ्यों और गरिमा के साथ रखा जाएगा।

बिष्ट ने कहा कि संगठन की प्राथमिकता कर्मचारियों के हितों की रक्षा उनकी समस्याओं का समाधान, संगठनात्मक एकजुटता को मजबूत करना तथा जिला एवं ब्लॉक स्तर के प्रत्येक पदाधिकारी और कर्मचारी की आवाज को संगठन के मंच तक पहुंचाना होगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से आह्वान किया कि संगठन की मजबूती के लिए व्यक्तिगत मतभेदों से ऊपर उठकर एकजुटता, पारदर्शिता और सकारात्मक संवाद के साथ कार्य किया जाए।

उन्होंने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति उसके पदों में नहीं, बल्कि उसके साथ खड़े प्रत्येक कर्मचारी की एकजुटता में होती है। इसलिए आने वाले समय में जिला एवं ब्लॉक कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर कर्मचारियों के हित में प्रभावी एवं परिणामोन्मुखी प्रयास किए जाएंगे।

बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों ने संगठन की एकजुटता, मजबूती एवं कर्मचारी हितों के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया और नवनियुक्त जिला अध्यक्ष अनिल बिष्ट को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!