इंद्रमणि नौटियाल की घर वापसी के लिए किशोर भट्ट की पहल, सीएम धामी ने मंजूर की 2 लाख की आर्थिक सहायता
इंद्रमणि नौटियाल की घर वापसी के लिए किशोर भट्ट की पहल, सीएम धामी ने मंजूर की 2 लाख की आर्थिक सहायता
उत्तरकाशी जिले के डुंडा ब्लॉक की गाजणा पट्टी के गोरसाड़ा गांव निवासी इंद्रमणि नौटियाल पिछले आठ वर्षों से सऊदी अरब में फंसे हुए हैं। उनकी स्वदेश वापसी के लिए सऊदी कानूनों के अनुपालन में दो करोड़ रुपये से अधिक की राशि की आवश्यकता बताई गई है। इंद्रमणि के परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री के गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की थी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परिवार की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता मंजूर की है। किशोर भट्ट ने इसके लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया है।
किशोर भट्ट ने बताया कि बीते दिनों उन्होंने इंद्रमणि नौटियाल के परिवार से मुलाकात की थी। इस दौरान परिवार को उनकी स्वदेश वापसी के लिए सऊदी अरब के कानूनों के तहत दो करोड़ रुपये से अधिक की राशि का भुगतान किए जाने की जानकारी मिली। उन्होंने कहा कि इंद्रमणि के लंबे समय से विदेश में फंसे होने के कारण परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट भी खड़ा हो गया है।
भट्ट ने बताया कि उनकी अपील के बाद कई लोगों ने इंद्रमणि के परिवार को आर्थिक सहयोग दिया है। इसके लिए उन्होंने सभी सहयोगियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शनिवार शाम मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर परिवार की आर्थिक स्थिति से अवगत कराया और मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से सहायता देने के संबंध में पत्र सौंपा था।
मुख्यमंत्री की ओर से दो लाख रुपये की सहायता स्वीकृत होने पर किशोर भट्ट ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि वह परिवार को अपनी ओर से भी कुछ अन्य आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे।
सामूहिक सहयोग की अपील
किशोर भट्ट ने कहा कि सऊदी अरब में फंसे इंद्रमणि नौटियाल की सुरक्षित स्वदेश वापसी के लिए समाज के लोगों को भी आगे आना होगा। यह केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपनी सामर्थ्य के अनुसार परिवार का सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने इस पूरे अभियान में लगातार सहयोग कर रहे समाजसेवी रोशन रतूड़ी का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि रोशन रतूड़ी ने मानवता और करुणा का परिचय देते हुए इंद्रमणि की स्वदेश वापसी के अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
