VBG-RAM G और मनरेगा की खामियों पर प्रधान संगठन ने खोला मोर्चा
VBG-RAM G और मनरेगा की खामियों पर प्रधान संगठन ने खोला मोर्चा
समस्याओं के समाधान तक जनप्रतिनिधियों और श्रमिकों की आवाज उठाता रहेगा संगठन: प्रदीप कवि
थत्यूड़- विकासखंड जौनपुर के प्रधान संगठन ने विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार और आजीविका मिशन ग्रामीण (VBG-RAM G) एवं मनरेगा के क्रियान्वयन में आ रही व्यवहारिक समस्याओं के विरोध में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन दिया। संगठन ने ऑनलाइन हाजिरी, पोर्टल की तकनीकी खामियों और भुगतान में हो रही देरी को लेकर शासन प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
प्रधान संगठन जौनपुर के अध्यक्ष प्रदीप कवि ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कमजोर इंटरनेट कनेक्टिविटी के कारण मजदूरों की ऑनलाइन हाजिरी दर्ज करने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है, जिससे श्रमिकों का मानदेय रुक जाता है। कहा कि VBG-RAM G और मनरेगा पोर्टल में लगातार आ रही तकनीकी त्रुटियों के कारण ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न हो रही है। तकनीकी समस्याओं के चलते कार्यों में अनावश्यक विलंब हो रहा है और पंचायत प्रतिनिधियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रधान संगठन ने शासन-प्रशासन से ऑनलाइन हाजिरी एवं पोर्टल संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान निकालने की मांग की। संगठन ने चेतावनी दी कि समस्याओं का समाधान नहीं होने तक वह जनप्रतिनिधियों और श्रमिकों के हित में अपनी आवाज उठाता रहेगा। इस दौरान जौनपुर क्षेत्र के कई प्रधानगण उपस्थित रहे।
