सेवा संकल्प अभियान से आमजन तक पहुंची सरकार, बौराड़ी स्टेडियम में लगा जनसेवा का मंच
सेवा संकल्प अभियान से आमजन तक पहुंची सरकार, बौराड़ी स्टेडियम में लगा जनसेवा का मंच
प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने किया शुभारंभ, जनसमस्याएं सुनीं और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को किया सम्मानित
टिहरी-
सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद मुख्यालय टिहरी के बौराड़ी स्टेडियम में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री टिहरी गणेश जोशी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं पौध भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने सेवा वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का प्रचार-प्रसार करेगा।
इस दौरान आमजन एवं ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनी गईं। ग्रामीणों ने सड़क, आवास योजना के तहत पात्रता के आधार पर चिन्हित किए जाने, सफाई निरीक्षक भर्ती परीक्षा की प्रतीक्षा सूची जारी करने तथा भूस्खलन से हुई क्षति सहित विभिन्न समस्याएं प्रभारी मंत्री के समक्ष रखीं। प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक किशोर उपाध्याय ने सेवा संकल्प अभियान को सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि सरकार योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के साथ ही लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए उनके द्वार तक पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर उत्तराखंड को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने के लिए सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में लगातार कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से महिलाओं, बुजुर्गों और आमजन की समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी कार्य किया जाएगा।
प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, लखपति दीदी और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं एवं किसानों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है और स्वदेशी उपकरणों का निर्माण एवं निर्यात किया जा रहा है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड वीरों की भूमि है तथा प्रदेश के सैनिक देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। प्रदेश में शहीद सैनिकों एवं उनके परिजनों के हित में अनुदान राशि, सरकारी नौकरी तथा सैन्य पुरस्कारों के तहत प्रोत्साहन राशि में वृद्धि जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (यूसीसी), नकल विरोधी कानून सहित कई महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। उन्होंने टिहरी के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि जनपद देश और प्रदेश को बिजली एवं पानी उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री एवं अन्य अतिथियों ने स्टेडियम परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का स्थलीय निरीक्षण किया तथा विभागीय योजनाओं एवं उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली। कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्त भारत की शपथ भी दिलाई गई। प्रभारी मंत्री ने रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया तथा उपस्थित लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विभिन्न नगर निकायों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पर्यावरण मित्रों को प्रमाण-पत्र, फर्स्ट एड किट एवं स्वास्थ्य किट का वितरण कर सम्मानित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से प्रियंका, नफीसा, शिवानी एवं शशि को महालक्ष्मी किट वितरित की गईं। रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं को भी सम्मानित किया गया।
युवा कल्याण विभाग की ओर से डिजिटल युवा महोत्सव-2026 के अंतर्गत ‘मेरा जनपद मेरी पहचान’, ‘सूर्य नमस्कार चैलेंज’, ‘पुशअप चैलेंज’, ‘माई उत्तराखंड माई प्राइड’, ‘स्किपिंग चैलेंज’, ‘यूथ फोटोग्राफी चैलेंज’, ‘फिटनेस फिनाले चैलेंज’ तथा ‘वन मिनट वन स्किल चैलेंज’ के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। यह महोत्सव 28 अगस्त से शुरू होकर चार सप्ताह तक चला था। कार्यक्रम में सूचना विभाग की सांस्कृतिक टीम ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर आमजन को योजनाओं की जानकारी, पंजीकरण और सेवाओं का लाभ दिया गया। स्वास्थ्य विभाग ने निःशुल्क ओपीडी, स्वास्थ्य जांच, दवा वितरण, आयुष्मान कार्ड पंजीकरण एवं रक्तदान की व्यवस्था की। समाज कल्याण विभाग ने पेंशन आवेदन, दिव्यांग प्रमाण-पत्र एवं सहायक उपकरण वितरण तथा राजस्व विभाग ने विभिन्न प्रमाण-पत्र, आधार, आयुष्मान कार्ड एवं यूसीसी पंजीकरण की सुविधा दी।
कृषि एवं उद्यान विभाग ने किसान सम्मान निधि सहित अन्य योजनाओं में पंजीकरण के साथ बीज, कृषि उपकरण एवं सहायक सामग्री वितरित की। ग्राम्य विकास विभाग ने योजनाओं का पंजीकरण, श्रम विभाग ने श्रमिक पंजीकरण, बाल विकास विभाग ने किट वितरण तथा पशुपालन विभाग ने पशु चिकित्सा एवं औषधि वितरण किया। आयुर्वेदिक, यूनानी एवं होम्योपैथिक विभाग ने स्वास्थ्य सेवाएं तथा खाद्य सुरक्षा एवं खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने अपनी योजनाओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर राज्य मंत्री (दर्जाधारी) खेम सिंह चौहान, नगर पालिका अध्यक्ष टिहरी मोहन सिंह रावत, नगर पालिका अध्यक्ष चंबा सोबनी धनौला, सदस्य अनुसूचित जाति आयोग उत्तराखंड सुनीता देवी, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद रतूड़ी, जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश, डीडीओ मो. असलम, सभासद विजय कठैत सहित जन मानस और संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
