*ONGC के CSR सहयोग से कैंट बोर्ड के स्कूलों में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा*
देहरादून
कैंट बोर्ड, देहरादून के अंतर्गत संचालित विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को आधुनिक और डिजिटल शिक्षा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है।
ONGC के CSR और पंडित दीनदयाल उपाध्याय रिसर्च एंड एक्शन समिति के सहयोग से ब्लूमिंग बर्ड हाई स्कूल में 10 कंप्यूटरों की कंप्यूटर लैब और तीन बुक सेल्फ स्थापित की गई हैं, जिनका उद्घाटन आज प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने किया।
इस अवसर पर मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि डिजिटल शिक्षा आज के समय की जरूरत है। संसाधनों की कमी के कारण कोई भी बच्चा आधुनिक शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए इस तरह के प्रयास बेहद जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि कैंट बोर्ड के विद्यालयों में बड़ी संख्या में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे निःशुल्क शिक्षा प्राप्त करते हैं, ऐसे में कंप्यूटर लैब जैसी सुविधाएं उनके भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित होंगी।
कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि ONGC के CSR सहयोग से कैंट बोर्ड के दो अन्य विद्यालयों – कैंट जूनियर हाई स्कूल और कैंट गर्ल्स इंटर कॉलेज में भी 5-5 कंप्यूटर उपलब्ध कराए गए हैं। इस तरह कैंट बोर्ड के तीन विद्यालयों में डिजिटल शिक्षा के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने ONGC द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे CSR कार्यों की सराहना करते हुए CGM-Head HR Services नीरज कुमार शर्मा और DGM-I/c CSR श्री विशाल शर्मा का आभार व्यक्त किया। प्रबंधन ने कहा कि ONGC के सहयोग से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल रही हैं।
कार्यक्रम में डिप्टी जीओसी ब्रिगेडियर पी.एस. थापा, राज्यमंत्री ज्योति कोटिया, विद्यालय के प्रधानाचार्य बसंत उपाध्याय, विष्णु गुप्ता, मेघा भट्ट सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
