भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय की राह आसान, रामलीला मैदान में डिस्मेंटल कार्य शुरू
विधायक सुरेश चौहान ने पूरी की भटवाड़ी विकास संघर्ष समिति की प्राथमिकता
उत्तरकाशी
भटवाड़ी क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से की जा रही केंद्रीय विद्यालय की मांग को लेकर आखिरकार एक बड़ी सफलता मिली है। पिछले दिनों भटवाड़ी विकास संघर्ष समिति, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और आम जनमानस द्वारा तीन सूत्रीय मांगों को लेकर रामलीला मैदान भटवाड़ी में 17 दिनों तक चलाए गए शांतिपूर्ण धरने का असर अब धरातल पर दिखने लगा है।
गंगोत्री विधायक सुरेश सिंह चौहान ने संघर्ष समिति की प्राथमिक मांगों पर संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन के माध्यम से केंद्रीय विद्यालय के अस्थाई भवन हेतु डिस्मेंटल (ध्वस्तीकरण) कार्य की धनराशि स्वीकृत करवाई, जिसके बाद स्थल पर कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।
*17 दिन चला था शांतिपूर्ण आंदोलन
भटवाड़ी विकास संघर्ष समिति के तत्वावधान में तीन सूत्रीय मांगों को लेकर रामलीला मैदान में आंदोलन चल रहा था। आंदोलन के 17वें दिन गंगोत्री विधायक सुरेश सिंह चौहान, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, एडीएम मुक्ता मिश्रा और एसडीएम शालिनी नेगी धरना स्थल पहुंचे थे। विधायक के ठोस आश्वासन और प्रशासनिक पहल के बाद समिति के पदाधिकारियों ने अपना धरना स्थगित किया था।
बीआरओ को दिए गए सड़क सुधार के निर्देश
आंदोलनकारियों की मांग में एनएच के सुधारीकरण का मुद्दा भी शामिल था। इस संबंध में बीआरओ (BRO) अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। बीआरओ ने कई स्थानों पर तत्काल काम शुरू कर दिया है तथा शेष कार्यों को बरसात के तुरंत बाद पूरा करने की प्रतिबद्धता जताई है।
पलायन रुकेगा, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे: विधायक
विधायक सुरेश चौहान ने कहा, भटवाड़ी क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय की मांग लंबे समय से लंबित थी। मैंने हर स्तर पर इस मांग को प्रमुखता से उठाया है। डिस्मेंटल कार्य शुरू होने के बाद अब विद्यालय के सभी मानकों को जल्द से जल्द पूरा करने का हर संभव प्रयास किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और पलायन पर प्रभावी रोक लग सकेगी।
क्षेत्रवासियों और समिति ने जताया आभार
अस्थाई भवन का डिस्मेंटल कार्य शुरू होने से क्षेत्रीय जनता और संघर्ष समिति में खुशी की लहर है। भटवाड़ी विकास संघर्ष समिति के पदाधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा आम जनमानस ने अपना वादा पूरा करने के लिए विधायक सुरेश सिंह चौहान और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
