भटवाड़ी में गरमाई सियासत, कांग्रेस ने घोषणा-पत्र के लिए जनता से मांगा सीधा संवाद 

भटवाड़ी में गरमाई सियासत, कांग्रेस ने घोषणा-पत्र के लिए जनता से मांगा सीधा संवाद 

उत्तरकाशी

​
आगामी विधानसभा चुनावों को दृष्टिगत रखते हुए कांग्रेस पार्टी ने चुनावी घोषणा-पत्र तैयार करने की कवायद तेज कर दी है। आम जनता की वास्तविक समस्याओं, प्राथमिकताओं और स्थानीय आवश्यकताओं को घोषणा-पत्र में प्रमुखता से शामिल करने के उद्देश्य से ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भटवाड़ी द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

​बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भटवाड़ी के अध्यक्ष मनोज पंवार ने की, जबकि कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी उत्तरकाशी के अध्यक्ष प्रदीप सिंह रावत मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

​जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने रखीं समस्याएं

बैठक में क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेसजनों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पत्रकारों, किसानों और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। उपस्थित लोगों ने भटवाड़ी ब्लॉक की बुनियादी समस्याओं को विस्तार से सामने रखा। मुख्य रूप से सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, सिंचाई, कृषि, पर्यटन, संचार सुविधाओं में सुधार, आपदा प्रबंधन तथा पलायन जैसी चुनौतियों पर चर्चा हुई। इसके अलावा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने और ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास से जुड़े सुझाव भी दिए गए।

 

​ बंद कमरों में नहीं, गांव-गांव जाकर बनेगा घोषणा-पत्र: प्रदीप रावत 

जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप सिंह रावत ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का घोषणा-पत्र मात्र एक राजनीतिक दस्तावेज नहीं होगा, बल्कि यह उत्तराखंड की जनता की आवाज और राज्य के भविष्य का रोडमैप बनेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस किसी बंद कमरे में बैठकर घोषणा-पत्र तैयार नहीं करेगी, बल्कि गांव-गांव और क्षेत्र-क्षेत्र जाकर जनता से सीधे संवाद के जरिए सुझाव जुटाएगी।

​उन्होंने बताया कि प्रदेश स्तर पर घोषणा-पत्र समिति के चेयरमैन व खटीमा विधायक भुवन कापड़ी तथा संयोजक डॉ. प्रेम बहुखंडी जनसुझावों पर गंभीरता से विचार करेंगे। भटवाड़ी ब्लॉक से प्राप्त सभी प्रस्तावों को जिला स्तर से संकलित कर प्रदेश समिति के समक्ष रखा जाएगा, ताकि भटवाड़ी और पूरे उत्तरकाशी जनपद की समस्याओं को घोषणा-पत्र में प्राथमिकता मिले।

​ जनता के मुद्दों पर आधारित विकास ही संकल्प: मनोज पंवार

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मनोज पंवार ने कहा कि बैठक में आए सभी सुझावों और जनसमस्याओं को व्यवस्थित रूप से संकलित कर एक प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है, जिसे शीघ्र ही जिला कांग्रेस कमेटी को भेजा जाएगा। उन्होंने दोहराया कि संगठन आगे भी क्षेत्र के प्रत्येक गांव और हर वर्ग से संवाद का अभियान जारी रखेगा।

 

बैठक में उपस्थित स्थानीय नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं ने जनभागीदारी से घोषणा-पत्र तैयार करने की इस पहल का स्वागत किया। इस दौरान पूर्व राज्य मंत्री घनानंद नौटियाल, प्रदेश सचिव मनीष राणा, पूर्व प्रधान भटवाड़ी संजीव नौटियाल, जगमोहन सिंह राणा, जगमोहन सिंह चौहान, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व कनिष्ठ प्रमुख भटवाड़ी विक्रम सिंह रावत, प्रदेश सचिव मनोज मिनान, सचेंद्र रावत, सेवानिवृत्त शिक्षक व सामाजिक कार्यकर्ता केशव प्रसाद नौटियाल, राजेंद्र प्रसाद पैन्यूली, मनोज राही तथा पंकज रतूड़ी सहित कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!