देवप्रयाग में 7-8 अक्टूबर को जनपदीय संस्कृत स्पर्धा
नई टिहरी- उत्तराखण्ड संस्कृत संस्थानम्, हरिद्वार की ओर से अष्टादश संस्कृत महोत्सव के तहत जनपदीय संस्कृत स्पर्धा का आयोजन 7 एवं 8 अक्टूबर को पतंजलि गुरुकुलम्, मूल्याग्राम देवप्रयाग में होगा। 7 अक्टूबर को कनिष्ठ और 8 अक्टूबर को वरिष्ठ वर्ग की प्रतियोगिताएं होंगी।
टिहरी गढ़वाल के नौ विकासखंडों में खंड स्तरीय प्रतियोगिताओं में 2483 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 648 विद्यार्थी जनपद स्तर के लिए चयनित हुए हैं। प्रतियोगिता में संस्कृत नाटक, समूहगान, समूह नृत्य, वाद-विवाद, आशुभाषण एवं श्लोकोच्चारण की स्पर्धाएं होंगी।
जनपद संयोजक शैलेन्द्र दत्त डोभाल एवं सह संयोजक डॉ. चन्द्रशेखर नौटियाल ने बताया कि जनपद स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त प्रतिभागी 23 एवं 24 अक्टूबर को हरिद्वार में होने वाली राज्य स्तरीय संस्कृत स्पर्धा में प्रतिभाग करेंगे। मुख्य शिक्षा अधिकारी कमला बड़वाल ने संबंधित अधिकारियों को विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
