धराली में भालुओं की दहशत: सेब के बगीचों में पहुंच रहे तीन भालू, वन विभाग से गश्त बढ़ाने की मांग
उत्तरकाशी
उत्तरकाशी जिले के खूबसूरत हर्षिल क्षेत्र में स्थित धराली गांव में इन दिनों भालुओं के आतंक से ग्रामीणों और बागवानों में भारी दहशत व्याप्त है। बेखौफ होकर घूम रहे भालू न सिर्फ आबादी के करीब आ रहे हैं, बल्कि सेब के बगीचों में घुसकर फसलों को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में एक साथ तीन भालू लगातार देखे जा रहे हैं। ये भालू सेब के फलों को चट करने के साथ-साथ पेड़ों की टहनियों को तोड़कर बगीचों को बर्बाद कर रहे हैं। वर्तमान में क्षेत्र में सेब का सीजन चरम पर है और ऐसे समय में भालुओं की सक्रियता ने बागवानों की रातों की नींद उड़ा दी है।
अकेले बाहर निकलने में लग रहा डर
भालुओं की लगातार आवाजाही के कारण स्थानीय लोगों का अपने ही खेत-बगीचों में अकेले जाना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि सुरक्षा के लिहाज से वे समूह में बाहर निकल रहे हैं, जिससे उनकी दैनिक कृषि गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं।
वन विभाग से पिंजरा लगाने की मांग
फसलों के नुकसान और जान-माल के खतरे को देखते हुए ग्रामीणों ने वन विभाग से तुरंत हस्तक्षेप की गुहार लगाई है। स्थानीय निवासियों की मांग है किक्षेत्र में भालुओं को पकड़ने के लिए जल्द से जल्द पिंजरा लगाया जाए। गांव और आसपास के बगीचों में वन कर्मियों की गश्त बढ़ाई जाए। बागवानों को हुए नुकसान का उचित मुआवजा दिया जाए। विभाग द्वारा यदि जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो ग्रामीणों को अपनी फसलों और सुरक्षा को लेकर बड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता है।
