उत्तरकाशी में 8 अक्टूबर को वोट बचाओ–देश बचाओ मार्च निकालेगी कांग्रेस
उत्तरकाशी
देश में लोकतंत्र और मताधिकार की निष्पक्षता को लेकर खड़े हो रहे सवालों के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी उत्तरकाशी जन जागरण अभियान शुरू करने जा रही है। इसके तहत 8 अक्टूबर को जिला मुख्यालय में ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ मार्च का आयोजन किया जाएगा, जिसमें इंडिया गठबंधन के घटक दलों के साथ युवा और प्रबुद्ध नागरिक हिस्सा लेंगे।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रदीप सिंह रावत ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता लोकतंत्र के लिए बेहद चिंताजनक है।
कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र, संविधान और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा के लिए लगातार आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लंबे समय से मतदाता सूची और कथित वोट चोरी के मुद्दे को देश के सामने मजबूती से उठा रहे हैं। कांग्रेस पार्टी इन मुद्दों की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग करती है ताकि पारदर्शी मतदान सुनिश्चित हो सके।
रावत ने बताया कि अभियान के तहत 8 अक्टूबर को उत्तरकाशी में विशाल मार्च निकाला जाएगा। ब्लॉक स्तर से लेकर जिला स्तर के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, इंडिया गठबंधन के साथी और आम नागरिक इसमें शामिल होंगे। यह मार्च शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट परिसर स्थित गांधी प्रतिमा के पास पहुंचेगा। वहां भारतीय संविधान के अनुच्छेद 326 (वयस्क मताधिकार) का पाठ किया जाएगा और इसके बाद मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया जाएगा।जिला अध्यक्ष ने जनपदवासियों से लोकतंत्र की रक्षा के इस अभियान में बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की है।
इस अवसर पर पूर्व राज्यमंत्री एवं पूर्व जिलाध्यक्ष घनानंद नौटियाल, प्रदेश सचिव मनीष राणा, विकासखंड डुंडा के पूर्व प्रमुख कनकपाल परमार, विजेंद्र नौटियाल, नैन सिंह बिष्ट, सुधीश पंवार और मुकेश रावत सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

