जिला योजना और विकास बजट आवंटन में धांधली का आरोप, वरुणावत मुद्दे पर भाजपा पर किया पलटवार

 

जिला योजना और विकास बजट आवंटन में धांधली का आरोप, वरुणावत मुद्दे पर भाजपा पर किया पलटवार

 

जिलाध्यक्ष ने जिलाध्यक्ष को घेरा

 

 

उत्तरकाशी

 

 

जिला कांग्रेस कमेटी उत्तरकाशी के जिलाध्यक्ष प्रदीप रावत ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जिला योजना और विकास बजट आवंटन में भारी अनियमितताओं का आरोप लगाया है। रावत ने कहा कि विकास कार्यों और योजनाओं के आवंटन में निष्पक्षता नहीं बरती जा रही है, जिससे जिले के कई क्षेत्र विकास से वंचित हो रहे हैं।

 

 

 *योजनाओं के आवंटन में क्षेत्रीय असंतुलन* 

 

प्रदीप रावत ने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि विशेष घटक योजना (SCP) के तहत पुरोला विधानसभा क्षेत्र में अकेले 58 योजनाएं दी गई हैं, जबकि यमुनोत्री क्षेत्र को 18 योजनाएं मिली हैं। वहीं, जिला मुख्यालय व गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र के हिस्से में महज 8 योजनाएं ही आई हैं। उन्होंने कहा कि यह सीधे तौर पर क्षेत्रीय असंतुलन और विधायकों की विफलता को दर्शाता है।

 

 

 *बंदरबांट और भ्रष्टाचार के आरोप* 

 

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि जिला योजना की सूची जारी होने से 10 दिन पूर्व ही उन्होंने जनप्रतिनिधियों, प्रभारी मंत्री और प्रशासन को पत्र लिखकर आगाह किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि अनुसूचित जाति (SC) बहुल आबादी वाले बड़े गांवों की अनदेखी की गई है और योजनाओं के चयन में पारदर्शिता की जगह पैसों का लेन-देन हुआ है।

 

 

 *वरुणावत मुद्दे पर भाजपा पर पलटवार* 

 

भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान द्वारा वरणावत मामले को उठाए जाने पर पलटवार करते हुए प्रदीप रावत ने कहा कि भाजपा हर चुनाव में इस मुद्दे को भुनाने की कोशिश करती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आरोप लगाने से पहले भाजपा नेताओं को अपने ही वर्तमान विधायक से पूरी जानकारी ले लेनी चाहिए, जो उस दौरान स्वयं क्षेत्र के ब्लॉक प्रमुख रह चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!