ज़िला अस्पताल में डॉक्टरों की कमी पर कांग्रेस का धरना, UKD का मिला समर्थन
एक माह के अल्टीमेटम के बाद भी नहीं नियुक्त हुए विशेषज्ञ डॉक्टर; अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी
उत्तरकाशी
ज़िला अस्पताल में लंबे समय से डॉक्टरों और विशेषज्ञों की भारी कमी को लेकर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और नागरिकों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। इसी क्रम में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं और उत्तराखंड क्रांति दल (UKD) के सहयोग से ज़िला अस्पताल परिसर में जोरदार धरना प्रदर्शन किया।
धरने को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता मनीष राणा ने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पर उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पिछले एक माह से भी अधिक समय से उत्तरकाशी के नागरिक और कांग्रेस कार्यकर्ता ज़िला अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों और सर्जन की स्थायी नियुक्ति की मांग कर रहे हैं।
कांग्रेस नेता ने बताया,विगत एक माह पूर्व स्वास्थ्य विभाग द्वारा आश्वासन दिया गया था कि अस्पताल में शीघ्र ही डॉक्टरों की तैनाती कर दी जाएगी। परंतु लंबे समय से यह पद खाली पड़े रहे। जब हमने अनिश्चितकालीन धरने पर बैठने का अल्टीमेटम दिया, तब विभाग ने रविवार को आनन-फानन में एक बाल रोग विशेषज्ञ की जॉइनिंग करवाई है। लेकिन सर्जन (सर्जन डॉक्टर) की तैनाती को लेकर विभाग अब भी चुप्पी साधे हुए है।
*सर्जन की तैनाती तक जारी रहेगा आंदोलन.*
मनीष राणा ने स्पष्ट किया कि केवल एक डॉक्टर की नियुक्ति से समस्या का पूर्ण समाधान नहीं हो सकता। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को मौके पर आकर वार्ता करनी होगी और यह स्पष्ट करना होगा कि सर्जन की नियुक्ति कब तक की जाएगी। जब तक जनहित से जुड़ी इन सभी मांगों को पूरा नहीं किया जाता, तब तक यह धरना प्रदर्शन निरंतर जारी रहेगा।
*UKD और स्थानीय नागरिकों का समर्थन.*
इस विरोध प्रदर्शन में उत्तराखंड क्रांति दल (UKD) के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और अस्पताल की लचर स्वास्थ्य व्यवस्था पर रोष व्यक्त किया। वक्ताओं ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं नागरिकों का मौलिक अधिकार है और जब तक अस्पताल में सभी आवश्यक डॉक्टरों की नियुक्ति नहीं होती, आंदोलन को और तीव्र किया जाएगा।
वहीं डिप्टी CMO पोखरियाल ने कहा.उत्तरकाशी जिला अस्पताल में लंबे समय से चली आ रही डॉक्टरों की कमी की समस्या का समाधान होना शुरू हो गया है। जनप्रतिनिधियों की मांग पर त्वरित कार्रवाई करते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञों और सर्जनों की तैनाती कर दी है।
मामले की जानकारी देते हुए उत्तरकाशी के डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रेम सिंह पोखरियाल ने बताया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा जिला चिकित्सालय में तुरंत बाल रोग विशेषज्ञ और सर्जन की तैनाती की मांग की गई थी। सीएमओ ने इस मांग का तत्काल संज्ञान लेते हुए शासन और महानिदेशालय से पत्राचार कर बात की गईं ।
चारधाम यात्रा और कपाट बंद होने तक रहेगी रोटेशन ड्यूटी
चारधाम यात्रा को दृष्टिगत रखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने चिकित्सकों की रोटेशन ड्यूटी लगा दी है। डिप्टी सीएमओ ने बताया कि बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. नरेंद्र तोमर तथा सर्जन डॉ. मोहित सिंह की रोटेशन ड्यूटी लगाई गई है।
बॉन्डधारी चिकित्सक डॉ. अंजलि सिसौदिया (बाल रोग विशेषज्ञ) ने जिला अस्पताल में कार्यभार संभाल लिया है।
इसके अतिरिक्त प्रमुख अधीक्षक जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी को भी सूचना प्रेषित कर दी गई है।
डिप्टी सीएमओ डॉ. पोखरियाल ने बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान कपाट बंद होने तक (अक्टूबर-नवंबर तक) डॉक्टरों की क्रमवार (रोटेशन) ड्यूटी लगाई गई है ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न होजनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई मांगों को लगभग पूरा कर लिया गया है, जिससे क्षेत्र के लोगों को राहत मिलेगी।


