उत्तरकाशी में JOSH टीमों का शुभारंभ, टीबी मुक्त भारत अभियान को मिलेगी नई गति
युवाओं की सक्रिय भागीदारी से गांव-गांव तक पहुंचेगा टीबी से बचाव, जांच एवं उपचार का संदेश
उत्तरकाशी
स्वास्थ्य विभाग द्वारा राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित टीबी मुक्त भारत अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आज जनपद उत्तरकाशी में JOSH (Joint Squad for Health) टीमों का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर गंगोत्री विधायक सुरेश सिंह चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान एवं जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत आर्य की उपस्थिति में विधायक सुरेश सिंह चौहान द्वारा JOSH टीम के वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इसके उपरांत जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने JOSH सेल्फी प्वाइंट पर फोटो खिंचवाकर अभियान के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।

JOSH टीमों का राष्ट्रीय शुभारंभ 08 अक्टूबर 2026 को भारत मंडपम, नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा के नेतृत्व में किया गया। इस पहल के माध्यम से युवाओं, माय भारत स्वयंसेवकों, प्रथम श्रेणी के अधिकारियों एवं राष्ट्रीय कैडेट कोर के कैडेटों को टीबी उन्मूलन अभियान से जोड़ते हुए जन-जन तक जागरूकता का संदेश पहुंचाया जाएगा।
जनपद में विकासखंड स्तर पर JOSH टीमों का गठन किया गया है। टीमें ग्राम पंचायतों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर टीबी के लक्षण, बचाव, समय पर जांच एवं नियमित उपचार के प्रति लोगों को जागरूक करेंगी तथा संभावित मरीजों को स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने एवं उपचार पूरा करने के लिए प्रेरित करेंगी।
गंगोत्री विधायक सुरेश सिंह चौहान ने कहा कि टीबी उन्मूलन के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से अभियान को दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी। उन्होंने युवाओं एवं आमजन से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत आर्य ने कहा कि टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। JOSH टीमों के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों तक टीबी के प्रति जागरूकता एवं समय पर जांच और उपचार का संदेश पहुंचाने में प्रभावी सहयोग मिलेगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय ने कहा कि टीबी का समय पर पता लगना और नियमित रूप से पूरा उपचार लेना इसके उन्मूलन की महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने अपील की कि दो सप्ताह या उससे अधिक समय तक खांसी, लगातार बुखार, वजन कम होना अथवा रात में पसीना आने जैसे लक्षण होने पर तुरंत निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं। टीबी का उपचार संभव है।
कार्यक्रम में गंगोत्री विधायक सुरेश सिंह चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत आर्य, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय, प्रमुख अधीक्षक डॉ. बी.एस. रावत, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पी.एस. पोखरियाल, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अर्चना ओझा, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीरेंद्र पांगती, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. कुलबीर राणा, डॉ. मुकेश राय सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, माय भारत स्वयंसेवक एवं राष्ट्रीय कैडेट कोर के कैडेट उपस्थित रहे।


