काली पट्टी बांध सड़कों पर उतरे कांग्रेसी, केंद्रीय चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर किया प्रदर्शन
उत्तरकाशी- लोकतंत्र बचाओ सप्ताह के तहत जिला कांग्रेस कमेटी उत्तरकाशी ने नगर में लोकतंत्र बचाओ, देश बचाओ मार्च निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया। चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की और मुख्य बस अड्डे पर उनका पुतला दहन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत गांधी प्रतिमा के समक्ष राष्ट्रगान और संविधान के अनुच्छेद 326 (वयस्क मताधिकार) के सामूहिक वाचन के साथ हुई। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता काले कपडे पहनकर और बांह पर काली पट्टी बांधकर सड़कों पर उतरे। कार्यकर्ताओं ने सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
पुलिसिया कार्रवाई के विरोध में मनाया ‘काला दिवस’
जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप रावत ने आरोप लगाया कि देश में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, वरिष्ठ सांसद प्रियंका गांधी व अन्य नेताओं की गिरफ्तारी और उत्तरकाशी में स्थानीय कांग्रेस नेताओं को नजरबंद किया जाना लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पुलिस बल के दम पर विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस संविधान और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
प्रदर्शन के दौरान ब्लॉक अध्यक्ष देवजन बंठवान, मनोज पंवार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गायत्री सेमवाल, नैन सिंह बिष्ट, प्रकाश चंद सेमवाल, कनकपाल सिंह परमार, कमल सिंह रावत, विजेंद्र नौटियाल, अनुराग रांगड़, कमलेश मेहता, एकादशी, बीना साह, राखी राणा, मधु रावत, सुरेंद्र भट्ट, रमा भट्ट, नवीन भंडारी, जीतम रावत, भगत सिंह रावत, अनबीर पंवार, विक्रम सिंह रावत, घनानंद नौटियाल, सूर्यवल्लभ नौटियाल, शीशपाल पोखरियाल सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


