यमुनोत्री व गंगोत्री में उमड़ा आस्था का सैलाब: टूटे पिछले रिकॉर्ड, 17 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
अकेले यमुनोत्री धाम में 8.18 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने टेका माथा; नवरात्र के पावन अवसर पर धामों में विशेष धार्मिक उल्लास
उत्तरकाशी
उत्तराखंड की विश्वप्रसिद्ध चार धाम यात्रा इस वर्ष सफलता और आस्था के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। शासन और प्रशासन द्वारा की गई बेहतर व्यवस्थाओं व सुगम यात्रा प्रबंधन के चलते गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में श्रद्धालुओं की संख्या ने पिछले सभी रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, अब तक दोनों प्रमुख धामों में 17 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त कर चुके हैं।
*यमुनोत्री में 8.18 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन*
आंकड़ों के अनुसार अकेले यमुनोत्री धाम में ही अब तक 8.18 लाख से अधिक श्रद्धालु मां यमुना के पावन स्वरूप के दर्शन कर चुके हैं। देश के कोने-कोने से श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या से दोनों धामों में भक्ति और उत्साह का माहौल बना हुआ है।
*नवरात्र पर विशेष धार्मिक उल्लास*
शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर यमुनोत्री धाम में विशेष भक्तिमय वातावरण देखने को मिल रहा है। श्रद्धालु तड़के से ही कतारों में लगकर मां यमुना के दर्शन-पूजन कर रहे हैं। मंदिर परिसर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर श्रद्धालु अपने परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और राष्ट्र कल्याण की मंगल कामना कर रहे हैं। मां यमुना के दर्शन कर श्रद्धालु स्वयं को धन्य महसूस कर रहे हैं।
*सुरक्षित व सुगम यात्रा पर प्रशासन का जोर*
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य, आवास, सुरक्षा और सुचारू यातायात जैसी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं।गंगोत्री व यमुनोत्री धाम में श्रद्धालुओं की यह ऐतिहासिक संख्या न केवल राज्य के बेहतर प्रबंधन को दर्शाती है, बल्कि उत्तराखंड की धार्मिक व आध्यात्मिक महत्ता को भी नए शिखरों पर ले जा रही है।


