नैनबाग के मसोन गांव में सड़क विवाद: लोक निर्माण विभाग द्वारा बिना सहमति रोड कटिंग का आरोप 

नैनबाग के मसोन गांव में सड़क विवाद: लोक निर्माण विभाग द्वारा बिना सहमति रोड कटिंग का आरोप 

नैनबाग (शिवांश कुंवर)- नैनबाग के मसोन गांव में सड़क निर्माण को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग पर बिना सहमति मोटर मार्ग की कटिंग और समरेखण (अलाइनमेंट) का कार्य करने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से हस्तक्षेप की मांग की है। प्रभावित परिवारों का कहना है कि प्रस्तावित कटिंग से उनकी पैतृक कृषि भूमि को नुकसान पहुंचने की आशंका है, लेकिन आपत्ति दर्ज कराने के बावजूद कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है।

प्रभावित परिवारों की ओर से 10 अक्टूबर 2026 को जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल को प्रार्थना पत्र सौंपकर मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की गई। पत्र में आरोप लगाया गया है कि मसोन गांव के लिए स्वीकृत मोटर मार्ग पर बिना सहमति समरेखण का कार्य किया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की कटिंग शुरू होने पर पहाड़ी क्षेत्र में स्थित उनके खेत क्षतिग्रस्त हो सकते हैं।

प्रार्थना पत्र के अनुसार, ग्रामीणों ने समरेखण के दौरान ही संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के समक्ष मौखिक एवं लिखित आपत्ति दर्ज कराई थी। इसके बावजूद लोक निर्माण विभाग की ओर से आगे की कार्रवाई किए जाने पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई है। उन्होंने प्रशासन से निर्माण कार्य की जांच कराने, विवादित कटिंग पर रोक लगाने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीण अर्जुन सिंह कुंवर ने उठाए सवाल

ग्रामीण अर्जुन सिंह कुंवर का कहना है कि सड़क निर्माण विकास के लिए जरूरी है, लेकिन विकास के नाम पर किसी की पैतृक भूमि को नुकसान पहुंचाना उचित नहीं है। सड़क के नाम पर हमारे पैतृक भूमि को नुकसान पहुंचाया गया है लेकिन वहां तक रोड का समरेखण नहीं हुआ है, उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों ने समरेखण के समय ही अपनी आपत्ति दर्ज करा दी थी। इसके बावजूद यदि बिना सहमति खेतों को नुकसान पहुंचाने वाली कटिंग की जाती है, तो यह गंभीर मामला है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पहले विवाद का समाधान किया जाए और प्रभावित परिवारों की आपत्तियों को सुनने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाए। और उक्त प्रक्रिया में शामिल अधिकारी कर्मचारियों पर ठोस कार्रवाई की जाए ताकि वह भविष्य में इस प्रकार की उलझने,गाँव में तनाव पैदा ना कर पाए.

एसडीएम करेंगे स्थलीय निरीक्षण

मसोन गांव में सड़क कटिंग को लेकर उठे विवाद पर एसडीएम नैनबाग ने स्थलीय निरीक्षण करने की बात कही है। निरीक्षण के दौरान सड़क के प्रस्तावित समरेखण, ग्रामीणों की आपत्तियों और पैतृक कृषि भूमि को संभावित नुकसान के पहलुओं का जायजा लिया जाएगा। ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासनिक निरीक्षण के बाद मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी और उनकी समस्याओं का समाधान निकलेगा।

फिलहाल, ग्रामीणों की मांग है कि विवादित स्थल का निरीक्षण कर उचित निर्णय लिया जाए, ताकि सड़क निर्माण के साथ-साथ उनकी कृषि भूमि और हितों की भी रक्षा हो सके। अब सबकी नजरें प्रशासन की कार्रवाई और स्थलीय निरीक्षण पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!