एसपी कमलेश उपाध्याय ने कोतवाली बड़कोट का किया औचक निरीक्षण
जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण और साइबर जागरूकता पर दिया जोर
त्योहारी सीजन में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता करने के दिए निर्देश
धनोल्टी एक्सप्रेस न्यूज़
बड़कोट- पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय ने कोतवाली बड़कोट का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्थाओं, अभिलेखों, लंबित मामलों और निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जनशिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने, साइबर अपराधों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और आगामी त्योहारी सीजन के मद्देनजर क्षेत्र में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने कोतवाली परिसर की साफ-सफाई, पुलिस व्यवस्थाओं, अभिलेखों और विभिन्न पत्रावलियों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने, अभिलेखों का सुव्यवस्थित रखरखाव करने और पुलिस कार्यों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही न बरतें
एसपी ने शिकायती प्रार्थना पत्रों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण करने, सीसीटीएनएस के कार्यों को प्रभावी ढंग से संपादित करने तथा सभी ऑनलाइन पोर्टल और अभिलेखों को अद्यतन रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कोतवाली आने वाले फरियादियों और आमजन के साथ विनम्र, संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार किया जाए।
त्योहारी सीजन में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर
आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए एसपी ने क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने अराजक तत्वों, अवैध नशे के कारोबार और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए नियमित चेकिंग, निगरानी और आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई करने को कहा।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांची
एसपी ने कोतवाली परिसर में नवनिर्मित एवं निर्माणाधीन बैरक का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी ली। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग करने और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही उन्होंने कोतवाली बड़कोट के नए भवन के लिए प्रस्तावित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक पत्रावलियों एवं पत्राचार की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर भवन निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए।
साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के निर्देश
राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह 2.0 के तहत एसपी ने आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने स्कूलों, सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर अपराध के नए तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी देने के निर्देश दिए।
लंबित विवेचनाओं और वारंटों की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान एसपी ने लंबित विवेचनाओं, शिकायती प्रार्थना पत्रों, समन और वारंटों की समीक्षा की। उन्होंने सभी मामलों का त्वरित निस्तारण करने तथा समन एवं वारंटों की समयबद्ध तामीली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने और कार्यों में तत्परता, अनुशासन और जवाबदेही बनाए रखने को कहा।
इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट चंचल शर्मा, प्रभारी निरीक्षक बड़कोट सुभाष चंद्र, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रणवीर चौहान, यातायात उपनिरीक्षक वीरेंद्र पंवार सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


