जाखधार में ट्रेडिशनल ड्रेस मेकिंग शॉप का शुभारंभ, महिलाओं को मिलेगा स्वरोजगार का अवसर
नैनबाग जाखधार (म्याणी) की महिला सशक्तीकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। तहसील नैनबाग के अंतर्गत जाखधार (म्याणी) में देवभूमि स्वायत्त सहकारिता के अंतर्गत संचालित सीबीओ स्तरीय उद्यम ट्रेडिशनल ड्रेस मेकिंग शॉप का आज विधिवत उद्घाटन किया गया। इस पहल से क्षेत्र की महिलाओं को रोजगार के नए अवसर मिलने के साथ ही जौनपुर की पारंपरिक वेशभूषा और सांस्कृतिक विरासत को भी बढ़ावा मिलेगा।
शॉप का शुभारंभ खंड विकास अधिकारी जौनपुर राकेश सिंह बिष्ट, पूर्व खेल मंत्री नारायण सिंह राणा, प्रधान संगठन अध्यक्ष प्रदीप कवि, ग्राम प्रधान विक्रम चौहान,जयेंन्द्र रमोला ने संयुक्त रूप से किया।
पारंपरिक वेशभूषा के साथ आधुनिक कपड़ों की भी होगी सिलाई
इस ट्रेडिशनल ड्रेस मेकिंग शॉप में जौनपुर की पारंपरिक वेशभूषा घाघरा, खिलका, कुर्ती और ढांटू सहित विभिन्न पहाड़ी परिधान तैयार किए जाएंगे। इसके साथ ही महिलाओं के लिए लेडीज सूट, साड़ी, लहंगा, सूट-सलवार, ब्लाउज और पेटीकोट की सिलाई की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
आधुनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए यहां बच्चों के कपड़े, जींस, स्वेटर और स्कूल यूनिफॉर्म सहित अन्य वस्त्रों की सिलाई भी की जाएगी। इससे स्थानीय लोगों को सिलाई संबंधी सेवाओं के लिए दूर-दराज के बाजारों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
महिलाओं की आजीविका मजबूत करने पर जोर
इस उद्यम का मुख्य उद्देश्य स्थानीय महिला समूहों को स्वरोजगार से जोड़ना, उनकी आय के साधन विकसित करना और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आगे बढ़ाना है। सामूहिक प्रयासों से संचालित यह पहल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ाने में भी सहायक साबित हो सकती है।
वहीं, जौनपुर की पारंपरिक वेशभूषा को एक ही स्थान पर तैयार करने की सुविधा मिलने से क्षेत्र की लोक संस्कृति, स्थानीय हस्तकला और पारंपरिक पहनावे के संरक्षण को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
स्थानीय स्तर पर शुरू हुई इस पहल को महिला सशक्तीकरण, स्वरोजगार और पहाड़ की सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित करने की दिशा में एक सराहनीय कदम माना जा रहा है।
इस मौका पर ब्लॉक मिशन मैनेजर दीपक बहुगुणा, प्रधान संगठन अध्यक्ष प्रदीप कवि, प्रधान विक्रम सिंह चौहान, नीलम खन्ना, शुभम चौहान, सुमन पंवार, जयेंन्द्र रमोला, प्रताप चौहान, विकास चंखवाण, वीपेंद्र, राकेश जौनपुरी, देवभूमि स्वायत सहकारिता अध्यक्षा सोनम खन्ना, कोषाध्यक्ष बबीता देवी, प्रमिला देवी, प्रियंका देवी, मीता असवाल, पूजा कंडारी, रेशमा देवी, सविता रमोला, भारती रावत आदि उपस्थित रहे।


