बर्निगाड़ में आयोजित हुआ प्रभाग दिवस, ग्रामीणों ने उठाईं वन संबंधी समस्याएं
बर्निगाड़-नौगांव रेंज के अंतर्गत वन विश्राम भवन बर्निगाड़ में उप प्रभागीय वनाधिकारी की अध्यक्षता में प्रभाग दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न वन संबंधी समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा और उनके समाधान की मांग की। बैठक में पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख श्याम सिंह राणा ने गांवों में स्थानीय चरागाहों के विकास की आवश्यकता पर जोर दिया।

वन सरपंच मोलागांव जबर सिंह चौहान ने वन पंचायतों के गठन एवं चुनाव के बाद समयबद्ध तरीके से माइक्रोप्लान तैयार करने और बजट आवंटित करने की मांग रखी। इसके अलावा ग्रामीणों ने मानव-वन्यजीव संघर्ष में पशुधन की क्षति पर मुआवजे की जानकारी ली। जनप्रतिनिधियों ने गुलदार, भालू और जंगली सूअर के बढ़ते खतरे से निजात दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
ग्राम पंचायत चोपड़ा एवं कसलाना के प्रधानों ने पिरूल संग्रहण के लिए प्रस्ताव रखा। वहीं, ग्रामीणों ने हक-हकूक के तहत फ्री ग्रांट में चीड़ के अतिरिक्त कैल के वृक्ष उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई।

कार्यक्रम में वन क्षेत्राधिकारी निधि नेगी, पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख श्याम सिंह राणा, ग्राम प्रधान बिजौरी जगमोहन सिंह, देवल के प्रधान लवशीष डोभाल, कसलाना के प्रधान अर्जुन सिंह कैंतुरा, न्यूड़ी के प्रधान अरविंद सिंह पंवार, चोपड़ा के प्रधान मुकेश चौहान, वन सरपंच जबर सिंह चौहान सहित ग्रामीण एवं वन विभाग के फील्ड कर्मचारी मौजूद रहे। उप प्रभागीय वनाधिकारी ने सभी की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं, वन क्षेत्राधिकारी निधि नेगी ने वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा तथा मानव-वन्यजीव संघर्ष की प्रभावी रोकथाम के लिए ग्रामीणों से वन विभाग को सहयोग देने की अपील की।


