गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान के प्रयासों को मिली सफलता: थलन-साडा के बीच 24 मीटर स्पान पुल के निर्माण के लिए ₹2.42 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति जारी
उत्तरकाशी
गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में एक और बड़ी सौगात मिली है। राज्य योजना के अंतर्गत बाड़ागड्डी क्षेत्र के थलन-साडा के मध्य धौन्तरी-घनसाली-तिलवाड़ा मोटर मार्ग पर स्थित 24 मीटर स्पान के पक्के आरसीसी सेतु निर्माण के लिए ₹2,42,28,000 (दो करोड़ बयालीस लाख अट्ठाईस हजार रुपये) की वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।
*2021 की आपदा का दर्द और अस्थाई व्यवस्था.*
वर्ष 2021 में आई प्राकृतिक आपदा और भीषण बाढ़ के कारण इस मोटर मार्ग पर स्थित मुख्य पुल बह गया था। पुल ध्वस्त हो जाने से बाड़ागड्डी क्षेत्र का संपर्क पूरी तरह कट गया था और स्थानीय ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। आपदा के तत्काल बाद यातायात को बहाल करने के लिए विभाग द्वारा वहां एक अस्थाई व्यवस्था (वैली ब्रिज / अस्थाई पुल) बनाई गई थी, लेकिन क्षेत्रवासी लंबे समय से एक पक्के और स्थाई पुल के निर्माण की मांग कर रहे थे।
*विधायक सुरेश चौहान का लगातार प्रयास लाया रंग*
गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने जनता की इस गंभीर समस्या को प्राथमिकता पर लेते हुए शासन-प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाया। लगातार की गई पैरवी और शासन स्तर पर प्रयासों के फलस्वरूप आखिरकार राज्य सरकार द्वारा 24 मीटर स्पान के स्थाई पुल निर्माण के लिए वित्तीय बजट स्वीकृत कर दिया गया है।
*क्षेत्रीय जनता ने व्यक्त किया आभार*
पुल निर्माण की वित्तीय स्वीकृति मिलते ही बाड़ागड्डी और धौन्तरी-घनसाली क्षेत्र के ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और ग्रामीणों ने गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान की दूरदर्शिता और क्षेत्र के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के लिए उनका तहे दिल से आभार व्यक्त किया है।ग्रामीणों का कहना है कि यह पक्का पुल बनने से न केवल आवागमन सुरक्षित और सुगम होगा, बल्कि टिहरी और रुद्रप्रयाग (घनसाली-तिलवाड़ा) को जोड़ने वाले इस प्रमुख मोटर मार्ग पर परिवहन व्यवस्था को भी नई मजबूती मिलेगी।


