प्रथम हटवाल गांव महोत्सव-2026 के एलबम का विमोचन
गांव की संस्कृति और परंपराएं हमारी पहचान- अनिल हटवाल
थत्यूड़/सकलाना- जौनपुर ब्लॉक के सकलाना क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत हटवाल गांव में आयोजित प्रथम हटवाल गांव महोत्सव-2026 के एलबम का विमोचन कार्यक्रम पंचायत भवन में आयोजित किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान करिश्मा देवी, शिक्षक प्रदीप उनियाल, समाजसेवी जितेंद्र हटवाल एवं समाजसेवी अनिल हटवाल ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इसके बाद अतिथियों ने महोत्सव के एलबम का विमोचन किया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान करिश्मा देवी ने कहा कि हटवाल गांव महोत्सव पूरे गांव का उत्सव है। यह महोत्सव गांव की संस्कृति, शिक्षा, संस्कार और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने के साथ ही हमारी समृद्ध परंपराओं के संरक्षण का भी माध्यम है। वहीं, कार्यक्रम संयोजक अनिल हटवाल ने कहा कि प्रथम हटवाल गांव महोत्सव-2026 के एलबम का विमोचन किया गया है। साथ ही भविष्य में इस आयोजन को और अधिक भव्य एवं आकर्षक बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव हमारे गांव की पहचान है, जो हमारी संस्कृति, संस्कार, शिक्षा और धार्मिक विरासत को प्रदर्शित करता है। गांव की संस्कृति और परंपराएं ही हमारी असली पहचान हैं, जिन्हें संरक्षित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में अंशुल हटवाल, रोहित हटवाल, सचिन हटवाल, मतेन्द्र सिंह, नवीन सिंह, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कृष्णा नेगी, रेखा देवी, महेश सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।


