जौनपुर महोत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या में लोक कलाकारों ने बांधा समां
रेशमा शाह समेत स्थानीय कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को झूमने पर किया मजबूर
नैनबाग (शिवांश कुंवर)। जौनपुर महोत्सव के प्रथम दिवस की सांस्कृतिक संध्या स्थानीय लोक संस्कृति और पारंपरिक गीत-संगीत के नाम रही। राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख सीता पवार ने किया। कार्यक्रम में स्थानीय लोक कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।
सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत बिस्मिल्लाह खान पुरस्कार से सम्मानित स्थानीय लोक गायिका रेशमा शाह ने देव वंदना की प्रस्तुति से की। इसके बाद उन्होंने ‘बचनू मामा’, ‘अगलाड़ की माछी’ और ‘जमुना को पाणी’ जैसे लोकगीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को पूरी तरह संगीतमय बना दिया। उनके गीतों पर दर्शक जमकर झूमते नजर आए।
वहीं, स्थानीय लोक कलाकार अर्जुन सेमल्याट ने देव वंदना के साथ ‘पोस्तो की रे प्यारी’ गीत की प्रस्तुति दी। सुमन भारती ने ‘नारायणी दुर्गा भवानी’ और ‘हे बिंदुली’ जैसे गीतों से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम में शिवदास ने हिमाचली गीतों की प्रस्तुति देकर सांस्कृतिक विविधता का रंग बिखेरा। वहीं लोक गायिका कविता रावत ने महासू देवता की स्तुति के साथ ‘उत्तराखंड के देवभूमि लगती सबसे प्यारी’ गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इसके अलावा लोक गायक दिनेश पुंडीर और नरेश नौटियाल ने भी अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। देर रात तक चले कार्यक्रम में दर्शकों ने लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों का जमकर आनंद लिया।
स्थानीय संस्कृति को मंच देने का प्रयास
जौनपुर महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय कलाकारों को मंच मिलने से क्षेत्र की लोक संस्कृति, परंपराओं और लोकगीतों को नई पहचान मिली। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।
इस अवसर पर जौनपुर महोत्सव समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र राणा, कार्यक्रम अध्यक्ष सुरेंद्र रावत, जिला पंचायत सदस्य सविता देवी, जयपाल करैवाण, गढ़वाली रामायण के रचयिता देवेंद्र प्रसाद चमोली, वीरेंद्र रावत, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील थपलियाल, महामंत्री अकबीर पवार, विनीता रावत, जमुनावती नौटियाल, ग्राम प्रधान कुलबीर रावत, वीरेंद्र चंदेल, विनोद राणा सहित कई लोग मौजूद रहे।


