उत्तरकाशी में हेलमेट जागरूकता रैली, चालक के साथ पीछे बैठने वाले के लिए भी हेलमेट अनिवार्य

उत्तरकाशी में हेलमेट जागरूकता रैली, चालक के साथ पीछे बैठने वाले के लिए भी हेलमेट अनिवार्य

धनोल्टी एक्सप्रेस न्यूज़

उत्तरकाशी(वीरेंद्र सिंह नेगी)- सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोकने और सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से उत्तरकाशी यातायात पुलिस ने जिला मुख्यालय में हेलमेट जागरूकता रैली निकाली। पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों के साथ पीछे बैठकर सफर करने वाले सह-सवार (पिलियन राइडर) को भी हेलमेट पहनने की अपील की। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

यातायात निदेशालय के निर्देशानुसार और पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत 21 नवंबर 2026 को रैली का आयोजन किया गया। रैली को पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी जनक सिंह पंवार ने पुलिस कार्यालय से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

निरीक्षक यातायात सुनील कुमार के नेतृत्व में निकाली गई रैली तिलोथ, इंद्रावती पुल, गौतम पार्क, जोशियाड़ा, ज्ञानसू, गैस गोदाम तांबाखाणी, बस अड्डा, सब्जी मंडी और भटवाड़ी टैक्सी स्टैंड सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस पुलिस कार्यालय पहुंची।

रैली के दौरान यातायात पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों और पीछे बैठकर सफर करने वाले लोगों को हेलमेट की अनिवार्यता और इसके महत्व की जानकारी दी। लाउडस्पीकर के माध्यम से संदेश प्रसारित करने के साथ ही आमजन और वाहन चालकों को जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए गए।

इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार ने कहा कि अक्सर दोपहिया वाहन चालक हेलमेट पहन लेते हैं, लेकिन पीछे बैठा व्यक्ति बिना हेलमेट के सफर करता है। दुर्घटना की स्थिति में यह लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि जीवन की रक्षा करने वाला सुरक्षा कवच है। इसलिए चालक और सह-सवार दोनों को हेलमेट पहनना चाहिए और उसकी स्ट्रैप भी अच्छी तरह लॉक करनी चाहिए।

उत्तरकाशी पुलिस ने स्पष्ट किया कि हेलमेट नियमों का उल्लंघन करने वाले दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार चालानी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित सफर के लिए स्वयं के साथ-साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!